मुकुल अभ्यंकर निर्देशित बेस्टसेलर में मिथुन चक्रवर्ती, श्रुति हासन, अर्जन बाजवा, गौहर खान, सत्यजीत दुबे और सोनाली कुलकर्णी जैसे दमदार सितारों की फौज है। मुकुल कहते हैं, "स्क्रिप्ट पढ़ते ही ये सीरीज मुझे इतनी जोरदार और रोमांचक लगी कि मैंने इसे लिए फौरन हां कर दी। दर्शक इस सीरीज के हर रहस्यमय क्षण को बेहद पसंद करेंगे और आठवां एपिसोड खत्म होने तक उनकी भूख और ज्यादा बढ़ जाएगी।” वहीं सीरीज का आकर्षण बन चुके मिथुन के मुताबिक “बेस्टसेलर वाला मेरा किरदार लोकेश प्रमाणिक दिलचस्प व्यवहार करने वाला एक अनोखा व्यक्तित्व है। मुझे उसकी तमाम सनकों के साथ यह रोल निभाने में बड़ा मजा आया। मेरा इससे बेहतर स्ट्रीमिंग डेब्यू हो ही नहीं सकता था।”
मिथुन चक्रवर्ती के अलावा श्रुति हासन भी इसे अपना डिजिटल डेब्यू मान रही हैं हालांकि वह इसके पहले भी डिजिटली नजर आ चुकी हैं। वह कहती हैं, "मैं इस बात को लेकर रोमांचित हूं कि बेस्टसेलर मेरा फुल-फीचर डिजिटल डेब्यू है। जिस पल मैंने इसकी स्क्रिप्ट देखी, मैं इसे पढ़ती ही रह गई। मैं कहानी में मौजूद परतों के भीतर गहराई तक उतर गई और मुझे अपना किरदार इतना सम्मोहक लगा कि मुझे इसे निभाना ही था। मैं हमेशा एक महिलाप्रधान कहानी के साथ इस स्पेस में दाखिल होना चाहती थी और यह ऐसा किरदार निभाने का अद्भुत अवसर था, जिसे मैं ठुकरा नहीं सकती थी। मैंने अपनी भूमिका की तैयारी के लिए कड़ी मेहनत की है और मैं इस सीरीज के बारे में दर्शकों की प्रतिक्रिया को लेकर वाकई उत्सुक हूं।”
वहीं अर्जन बाजवा कहते हैं, "बेस्टसेलर की स्टोरी एक ऐसी दास्तान है, जो दर्शकों को पूरी तरह से बांध कर रखेगी। हर कैरेक्टर बेहद खास है, जिसे मुकुल अभ्यंकर ने काफी कुशलते से बाया है। पूरा नैरेटिव बेहद कुतूहलपूर्ण है और कई परतों से भरा हुआ है। मैं एक कामयाब और मुखर राइटर ताहिर वजीर के रूप में अपनी भूमिका को लेकर काफी उत्साहित हूं, जिसका जीवन एक अजनबी से टकराने के बाद भारी ट्विस्ट और टर्न से गुजरता है। इस किरदार की कई परतों को देखते हुए यह एक चुनौतीपूर्ण भूमिका थी, लेकिन साथ ही साथ एक एक्टर के रूप में ताहिर को परदे पर उतारने का अनुभव बड़ा शानदार रहा। मैं बेस्टसेलर के दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचने को लेकर बेताब हूं।"
सोनाली कुलकर्णी का भी बेस्टसेलर के साथ डिजिटल डेब्यू हो रहा है। वह कहती हैं, “मैं इस शानदार सीरीज का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं। किसी सीरीज के लिए शूटिंग करना फिल्म की शूटिंग से एकदम अलग अनुभव होता है, लेकिन मेरे निर्देशक मुकुल अभ्यंकर ने इसे आसान बना दिया। मैं इसलिए भी रोमांचित हूं कि मुझे मिथुन दा के साथ इतनी करीबी से काम करने का मौका मिला। वह एक ऐसे अनुभवी और अद्भुत अभिनेता हैं, जिनकी वर्क इथिक एकदम साफ-सुथरी और दोषरहित है। जब हमने एक साथ अपने सीन शूट किए, तो हमने शायद ही कोई रिहर्सल या रीटेक किया हो। जैसे-जैसे हमारे पात्र बेस्टसेलर के रहस्य को सुलझाते जाएंगे, मुझे यकीन है कि दर्शक अपनी सीटों से चिपके रहेंगे।”