सिनेमाघरों में आज दो बड़ी फिल्में रिलीज हुई हैं। एक ओर है रजनीकांत स्टारर ‘कुली’ और दूसरी ओर है ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की फिल्म ‘वॉर 2’। दोनों ही फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त क्लैश की उम्मीद की जा रही थी, जो इनके रिलीज के साथ ही शुरू हो गई है। जानते हैं अब तक के कलेक्शन में क्या है दोनों फिल्मों का हाल।
कुली
- फोटो : सोशल मीडिया
‘कुली’ ने शुरुआती घंटों में मारी छलांग
रजनीकांत की ‘कुली’ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब फिल्म के रिलीज होने के बाद फैंस में जबरदस्त उत्साह देखन को मिल रहा है। बरसते पानी में भी फैंस अपने पसंदीदा स्टार की फिल्म को देखने पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि ‘कुली’ ने रिलीज होने के शुरुआती घंटों में ही अच्छी खासी कमाई कर ली है। खबर लिखे जाने तक ‘कुली’ ने 65 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। यह फिल्म द्वारा भारत में किया गया कलेक्शन है।
वॉर 2
- फोटो : एक्स
‘कुली’ से पिछड़ी ‘वॉर 2’
वहीं दूसरी ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की ‘वॉर 2’ को लेकर भी फैंस काफी उत्साहित हैं। फिल्म के रिलीज होते ही फैंस उसे देखने थिएटर्स में पहुंच रहे हैं। हालांकि, शुरुआती आंकड़ों में ‘वॉर 2’ रजनीकांत की ‘कुली’ से पिछड़ती नजर आ रही है। ‘वॉर 2’ ने 52.5 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। ये ‘कुली’ के कलेक्शन से कम है।
रजनीकांत की फिल्म 'कुली'
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
दोस्त की मौत के बदले की है कहानी
रजनीकांत स्टारर ‘कुली’ की कहानी दोस्ती पर आधारित है। फिल्म में रजनीकांत देवा के किरदार में नजर आए हैं, जो अपने दोस्त की मौत की वजह जानकर कातिलों से बदला लेता है। इस फिल्म में रजनीकांत के अलावा आमिर खान, नागार्जुन, सौबिन शाहिर, उपेंद्र राव, श्रुति हासन और सत्यराज भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म का निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया है।
वॉर 2
- फोटो : IMDb
स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है ‘वॉर 2’
‘वॉर 2’ की बात करें तो यह यशराज फिल्म के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है। फिल्म में ऋतिक रोशन के साथ पहली बार जूनियर एनटीआर नजर आ रहे हैं। इस फिल्म से जूनियर एनटीआर बॉलीवुड में अपना डेब्यू कर रहे हैं। इसके अलावा फिल्म में कियारा आडवाणी, आशुतोष राणा और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए हैं। फिल्म के पोस्ट क्रेडिट में अगली फिल्म को लेकर भी हिंट दिया गया है।