विजय देवरकोंडा, पवन कल्याण, श्रीलीला, नागा वामसी और भाग्यश्री बोरसे
- फोटो : एक्स@TheDeverakonda
विजय देवरकोंडा की फिल्म ‘किंगडम’ रिलीज को पूरी तरह से तैयार है। फिल्म 31 जुलाई से ही सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म के प्रमोशन के बीच अभिनेता विजय देवरकोंडा और ‘किंगडम’ जिसे हिंदी भाषा में ‘साम्राज्य’ के नाम से रिलीज किया जा रहा है। उसकी टीम ने साउथ सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से उनकी फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ के सेट पर मुलाकात की।
पवन कल्याण ने दीं ‘किंगडम’ की टीम को शुभकामनाएं
इस दौरान अभिनेता विजय देवरकोंडा के साथ फिल्म के निर्माता नागा वामसी और अभिनेत्री भाग्यश्री बोरसे भी मौजूद रहे। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की गई हैं। सीथारा एंटरटेनमेंट्स ने अपने एक्स अकाउंट पर इस तस्वीर को शेयर किया है। इस तस्वीर में अभिनेत्री श्रीलीला भी भाग्यश्री के बगल में खड़ी दिखाई दे रही हैं, जबकि पवन कल्याण बीच में खड़े हैं।
तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया है, “किंगडम परिवार के लिए यह एक पावर पैक्ड मोमेंट है, क्योंकि खुद पावर स्टार पवन कल्याण ने टीम को शुभकामनाएं दी हैं। किंगडम की टीम को आज ‘उस्ताद भगत सिंह’ के सेट पर पवन कल्याण से मिलने का मौका मिला। इस दौरान उन्होंने पूरी टीम को अपनी शुभकामनाएं दीं।”
विजय ने शेयर की तस्वीर
विजय देवरकोंडा ने इसी पोस्ट को अपने एक्स अकाउंट पर री-पोस्ट किया। इसके साथ ही विजय ने लिखा, “पवन कल्याण सर से मिलकर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने हमारा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। हालांकि उनका पहला वाक्य था कि मुझे अकेले और शांत रहना पसंद है, फिर भी हमने खूब बातें कीं। हमने उनका आशीर्वाद लिया। मैं हमेशा उनके स्वास्थ्य और खुशी के लिए प्रार्थना करूंगा।”
यह खबर भी पढ़ेंः Kingdom: विजय देवरकोंडा की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बन सकती है ‘किंगडम’, एडवांस बुकिंग में दिखा फिल्म का क्रेज
स्पाई-थ्रिलर है ‘किंगडम’
‘किंगडम’ एक स्पाई-एक्शन थ्रिलर फिल्म है। जिसे गौतम तिन्ननुरी ने निर्देशित किया है। फिल्म में विजय देवरकोंडा एक अंडरकवर कांस्टेबल की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म 31 जुलाई को तमिल, तेलुगु और हिंदी में रिलीज हो रही है। हिंदी में फिल्म को ‘साम्राज्य’ नाम से रिलीज किया जा रहा है। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह बना हुआ है।