विक्की कौशल अपने पिता शाम कौशल के साथ
- फोटो : एक्स
बॉलीवुड इंडस्ट्री के चर्चित कपल कटरीना-विक्की के घर बेबी बॉय ने जन्म लिया। इस खबर को सुन मनोरंजन जगत में खुशियों की लहर छा गई और सभी इस जोड़े के बधाई देते दिख रहे हैं। अब अभिनेता विक्की कौशल के पिता-एक्शन डायरेक्टर शाम कौशल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर दादा बनने पर प्रतिक्रिया दी है। साथ ही उन्होंने ईश्वर को शुक्रिया अदा किया है। जानिए उन्होंने क्या कहा।
‘दादा बनकर बहुत खुश हूं’
एक्शन निर्देशक शाम कौशल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट साझा किया है। इसमें उन्होंने लिखा, ‘कल से मैं भगवान का अपने परिवार पर इतनी कृपा करने के लिए जितना भी धन्यवाद करूं, वह उनकी कृपा के मुकाबले कम ही है। भगवान बहुत दयालु रहे हैं। ईश्वर की कृपा मेरे बच्चों और सबसे छोटे कौशल पर बनी रहे। हम सब बहुत खुश हैं और बहुत धन्य महसूस कर रहे हैं। दादा बनकर बहुत खुश हूं। भगवान सबका भला करें।’
चार साल बाद बने माता-पिता
आपको बताते चलें कि कटरीना कैफ और विक्की कौशल ने दिसंबर 2021 में राजस्थान में एक निजी समारोह में शादी की थी। इसके बाद कटरीना कैफ ने 23 सितंबर 2025 को अपनी प्रेग्नेंसी अनाउंस की थी। उस वक्त विक्की-कैट ने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा करके यह जानकारी दी थी कि कपल जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। अब शादी के लगभग चार साल बाद दोनों ने बेबी बॉय के रूप में अपने बच्चे का स्वागत किया है।
यह खबर भी पढ़ें:
बिग बॉस 19 के वीकएंड का वार में होगा हंगामा, सलमान खान ने खोली तान्या मित्तल की पोल; बोले- ‘भैया से सैयां पर…’
शाम कौशल का वर्कफ्रंट
शाम कौशल फिल्मों के एक्शन निर्देशक हैं। पहले उन्होंने स्टंटमैन के रूप में काम किया। 1990 से उन्होंने एक्शन निर्देशक के रूप में काम करना शुरू किया। उन्होंने बॉलीवुड और हॉलीवुड की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में योगदान दिया है। एक एक्शन निर्देशक के रूप में उनकी पहली फिल्म इंद्रजालम (1990) थी, जो एक मलयालम फिल्म थी। इसके अलावा बॉलीवुड में, शाम कौशल ने गैंग्स ऑफ वासेपुर (2012), भाग मिल्खा भाग (2013), पीके (2014), पद्मावत (2018), संजू (2018), टाइगर जिंदा है (2017) और सिम्बा (2018) जैसी फिल्मों में एक्शन निर्देशक के रूप में काम किया है।