बॉलीवुड के वेटरन अभिनेता धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 89 वर्षीय अभिनेता के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आते ही उनके फैंस काफी चिंतित हो गए हैं। हालांकि, उनके करीबी पारिवारिक सूत्रों ने सभी को आश्वस्त किया है कि यह कोई गंभीर बात नहीं है और यह उम्र से संबंधित स्वास्थ्य संबंधी एक रूटीन जांच है।
करीबियों ने बताया पूरी तरह स्वस्थ हैं अभिनेता
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि चिंता की कोई बात नहीं है। उनकी उम्र को देखते हुए समय-समय पर उनकी कई जांचें होती रहती हैं और वो इसी के लिए अस्पताल में हैं। हो सकता है किसी ने उन्हें देखा हो और कोई खबर बना दी हो। वो बिल्कुल ठीक हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। वो बहुत खुश हैं और अभी-अभी अपनी निर्धारित जांचों के लिए गए हैं। अभिनेता पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
यह खबर भी पढ़ेंः मशहूर मराठी अभिनेत्री का बड़ा खुलासा, बच्चों को बंधक बनाने वाले सिरफिरे रोहित आर्या ने किया था संपर्क
अगस्त्य नंदा की ‘इक्कीस’ में नजर आएंगे धर्मेंद्र
जल्द ही 90 साल के होने वाले धर्मेंद्र उम्र के इस पड़ाव पर भी अभिनय में सक्रि हैं। वो जल्द ही आगामी फिल्म ‘इक्कीस’ में नजर आएंगे। श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित ‘इक्कीस’ सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा ने सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की प्रमुख भूमिका निभाई है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया है, जिसमें धर्मेंद्र भी नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में धर्मेंद्र को देखकर बेटे सनी देओल ने भी प्रतिक्रिया दी थी। इससे पहले धर्मेंद्र रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और शाहिद कपूर-कृति सेनन की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में भी नजर आए थे।