पंजाब में हुआ जन्म
वरुण शर्मा का जन्म 4 फरवरी 1990 को पंजाब के जालंधर शहर में हुआ। उनका पंजाब से निकलकर मुंबई आना और बिना किसी गॉडफादर के अपनी पहचान बनाना वाकई तारीफ के काबिल तो है ही। इतना ही नहीं वरुण को उनके फैंस उनकी कॉमेडी के लिए बेहद पसंद करते हैं। वरुण ने ITFT चंडीगढ़ से मीडिया में बैचलर डिग्री ली। वे बचपन से ही बहुत शरारती रहे हैं। उन्होंने अमर उजाला को दिए इंटरव्यू में बताया था कि स्कूल के दिनों में वे अपने लंच बॉक्स में घर से मिले मम्मी के हाथ के पराठे बच्चों को बेचकर खुद कैंटीन में छोले भटूरे खाते थे।
'फुकरे' से हुई करियर की शुरुआत
वरुण शर्मा को अपनी अब तक की फिल्मों में ज्यादातर उनकी कॉमिक टाइमिंग के लिए सराहा जाता है। मगर, वरुण ने बतौर एक बैकग्राउंड आर्टिस्ट फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। शुरुआत से एक्टर बनने का सफर वरुण के लिए आसान नहीं रहा। वरुण को शाहरुख खान की फिल्म 'बाजीगर' देखने के बाद पहली बार एक्टर बनने की धुन सवार हुई थी। इस राह में उन्हें कई चुनौतियों से जूझना पड़ा। कुछ बुरे अनुभव भी हुए। मगर, उन्होंने खुद को साबित कर दिखाया। वरुण शर्मा ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 2013 की कॉमेडी 'फुकरे' से की थी, जो एक स्लीपर हिट थी। फिल्म 'फुकरे' के लिए वरुण को बेस्ट मेल डेब्यू के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था। इसी फिल्म के जरिए दर्शकों के बीच वे 'चूचा' के नाम से पहचाने जाते हैं।
इन फिल्मों के लिए दर्शकों के बीच लोकप्रिय
वरुण शर्मा को 'फुकरे' के अलावा, 'फुकरे रिटर्न्स' ‘फुकरे 3’, 'डॉली की डोली', 'छिछोरे', 'दिलवाले', 'राबता', ‘रूहि’, 'फ्राइडे', 'फोन भूत', 'तेरा क्या होगा लवली' और 'खानदानी शफाखाना' जैसी फिल्मों में देखा जा चुका है। एंटरटेंनमेंट और फिल्म टेक्नोलॉजी में ग्रेजुएट वरुण शर्मा को उनके बेहतरीन अभिनय के लिए पंजाब सरकार की तरफ से आइकन अवॉर्ड भी दिया जा चुका है।
वरुण शर्मा का वर्क फ्रंट
वरुण शर्मा के वर्क फ्रंट की बात करें तो इन दिनों वे अपनी आगामी फिल्म 'राहु केतू' को लेकर सुर्खियों में हैं। इसमें उनके साथ पुलकित सम्राट भी नजर आएंगे। पुलकित और वरुण की जोड़ी को फैंस 'फुकरे' से ही काफी पसंद करते हैं। फिल्म 'राहु केतू' 16 जनवरी 2026 को रिलीज होगी। इसमें चंकी पांडे, शालिनी पांडे और पीयूष मिश्रा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।