टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश 10 जून यानी आज अपना 32वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर अभिनेत्री ने उज्जैन स्थित प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। तेजस्वी ने न सिर्फ मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की, बल्कि भस्म आरती में भी भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभूति शेयर की।
तेजस्वी प्रकाश ने की भस्म आरती
सुबह 3 बजे से शुरू हुआ तेजस्वी का ये धार्मिक सफर उनके लिए भावनात्मक रूप से बेहद खास रहा। मंदिर के नंदी हॉल में पूजा करने के बाद तेजस्वी ने मीडिया से बात करते हुए अपने अनुभव शेयर किए। उन्होंने कहा कि भस्म आरती के दौरान उन्हें एक गहरी शक्ति और ऊर्जा का अनुभव हुआ जो शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
भारत के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकालेश्वर
बता दें महाकालेश्वर मंदिर भारत के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है और इसकी भस्म आरती देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहती है। यह आरती ब्रह्म मुहूर्त में की जाती है और इसमें बाबा महाकाल का अभिषेक पंचामृत से होता है। इसके बाद भांग, चंदन और भस्म से भगवान को सजाया जाता है। डमरू और शंख की ध्वनि के साथ ये आरती एक दिव्य माहौल बना देती है।
तेजस्वी प्रकाश ने अनुभव किया शेयर
एएनआई से बातचीत करते हुए तेजस्वी प्रकाश ने इस अनुभव को अपना जीवन का अनमोल पल बताते हुए कहा कि इस साल जन्मदिन को इस तरह से बिताना उनके लिए एक आत्मिक संतोष लेकर आया है। उन्होंने मंदिर प्रशासन और सभी श्रद्धालुओं को धन्यवाद कहा जिन्होंने उन्हें स्नेह और शुभकामनाएं दीं।
तेजस्वी प्रकाश का वर्क फ्रंट
वर्क फ्रंट की बात करें तो तेजस्वी प्रकाश ने छोटे पर्दे पर ‘स्वरागिनी’, ‘नागिन 6’ जैसे पॉपुलर धारावाहिकों में दमदार किरदार निभाकर अपनी खास पहचान बनाई है। इसके अलावा उन्होंने रियलिटी शोज ‘खतरों के खिलाड़ी 10’ और ‘बिग बॉस 15’ में भी भाग लिया था। बिग बॉस में उनकी जीत ने उन्हें हर घर का नाम बना दिया था। 2023 में वह रोहित शेट्टी की मराठी फिल्म ‘स्कूल कॉलेज अनी लाइफ’ में नजर आईं और 2025 में ‘सेलेब्रिटी मास्टरशेफ इंडिया’ के पहले सीजन में बतौर दूसरे रनरअप रह चुकी हैं।