फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tobey Maguire: जिस किरदार ने बनाया सुपरस्टार, उसी की वजह से बाद में नहीं मिला काम; स्पाइडर मैन बनकर रह गए टोबी

Fri, 27 Jun 2025 07:45 AM IST
आराध्य त्रिपाठी एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Tobey Maguire Birthday: 90 के दशक के लोगों के लिए स्पाइडर मैन उनका सबसे पसंदीदा सुपरहीरो और कैरेक्टर रहा है। इसके पीछे कारण है फिल्म ‘स्पाइडर मैन’। आज स्पाइडर मैन यानी कि टोबी मैग्वायर का बर्थडे है। जानते हैं उनसे जुड़े कुछ किस्से।
विज्ञापन
टोबी मैग्वायर - फोटो : इंस्टाग्राम-@tobeymaguir
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जो किसी कलाकार की पहचान बन जाते हैं। लोग उसे उसके असली नाम से नहीं बल्कि उसके कैरेक्टर के नाम से ही पहचानते हैं। कहीं न कहीं ये उस कैरेक्टर की पॉपुलर्टी का ही नतीजा होता है। लेकिन कई बार ये पॉपुलर्टी उस एक्टर के लिए महंगी साबित पड़ जाती है। ऐसा ही एक किरदार है ‘स्पाईडर मैन’ का। जो पूरे विश्व में फेमस है और बच्चा-बच्चा इस किरदार को जानता है। किसी समय में हमारे लंचबॉक्स पर बने होने से लेकर कॉपी, किताबों के कवर, स्टिकर, अलमारी हर जगह सिर्फ स्पाइडर मैन ही नजर आता था। लेकिन शायद कई लोग ऐसे होंगे जिन्हें स्पाइडर मैन का किरदार निभाने वाले एक्टर का नाम आज तक नहीं मालूम होगा।

विज्ञापन

इस कैरेक्टर को निभाया है अभिनेता टोबी मैग्वायर ने। आज टोबी मैग्वायर अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। टोबी ने स्पाइडर मैन का किरदार 26-27 साल की उम्र में निभाया था। ये फिल्म और किरदार घर-घर में काफी मशहूर हुए। आज जन्मदिन पर टोबी मैग्वायर के बारे में जानते हैं। साथ ही जानते हैं कि कैसे उनका सबसे बड़ा और मशहूर किरदार ही उनके लिए एक अभिशाप भी बन गया।

टोबी मैग्वायर - फोटो : इंस्टाग्राम-@tobeymaguir

टोबी के जन्म के वक्त टीनएज में थे पेरेंट्स, नहीं हुई थी शादी
टोबी मैग्वायर का जन्म 27 जून 1975 को को कैलिफोर्निया में हुआ। जब अब उनका जन्म हुआ तब उनके माता-पिता खुद टीनएज में थे और शादी-शुदा भी नहीं थे। उनकी मां की उम्र 18 साल थी जबकि पिता सिर्फ 20 साल के थे। टोबी के जन्म के बाद उनके माता-पिता ने तुरंत शादी की। लेकिन ये शादी ज्यादा दिन तक नहीं चली और जब टोबी सिर्फ दो साल के ही थे, तभी उनके माता-पिता अलग हो गए। जिसके कारण टोबी का बचपन कभी मां के साथ, कभी पिता के साथ और कभी अलग-अलग रिश्तेदारों के साथ अलग-अलग शहरों में बीता।

शेफ बनना चाहते थे टोबी
टोबी अपने बचपन को अकेले बीता हुआ बताते। टोबी का बचपन मुफलिसी में ही बीता है। बाद में इतने मशहूर एक्टर बने टोबी बचपन में एक्टर नहीं बल्कि शेफ बनना चाहते थे। इसके लिए वो छठी क्लास में होम साइंस में एडमिशन भी लेना चाहते थे। लेकिन उनकी मां ने उन्हें 100 डॉलर दिए और कहा कि अगर पैसा चाहिए तो ड्रामा क्लास जॉइन करनी पड़ेगी। टोबी मान गए और रोजाना ड्रामा क्लास लेने लगे।

टोबी मैग्वायर - फोटो : इंस्टाग्राम-@tobeymaguir

चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर की शुरुआत
टोबी ने अपने करियर की शुरुआत एक चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर की। टोबी सबसे पहले 'द विजार्ड' में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट नजर आए थे। उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काफी काम किया। इसके बाद उन्होंने सेकेंड लीड के तौर पर भी काफी काम किया। साल 2000 तक टोबी ने काफी सारे ऐड्स और छोटे-मोटे शो और फिल्मों में काम कर लिया था। 1992 में उन्हें फॉक्स टीवी सीरीज ‘ग्रेट स्कॉट’ में मुख्य भूमिका के लिए चुना गया था। लेकिन इसे प्रीमियर के नौ सप्ताह बाद कैंसिल कर दिया गया था।

टोबी मैग्वायर और लियोनार्डो डीकैप्रियो - फोटो : इंस्टाग्राम-@tobeymaguir

पक्के दोस्त रहे हैं टोबी मैग्वायर और लियोनार्डो डीकैप्रियो
टोबी मैग्वायर और ‘टाइटैनिक’ फेम एक्टर लियोनार्डो डीकैप्रियो काफी अच्छे दोस्त हैं। दोनों की दोस्ती उनके शुरुआती दौर की है, जब दोनों काम की तलाश में भटक रहे थे और जगह-जगह ऑडिशन देने जाया करते थे। दोनों की दोस्ती हुई भी ऑडिशन में किसी जगह साथ मिलने के दौरान। इसके बाद धीरे-धीरे दोनों पक्के दोस्त बन गए। इनकी दोस्ती का आलम ऐसा था कि अगर किसी एक को भी फिल्म में रोल मिल जाए, तो वो दूसरे के लिए भी सिफारिश करता था। साल 1990 में टीवी पर आने वाले शो 'पैरेंटहुड' के लिए पहले लियोनार्डो चुने गए थे जिसके बाद उनके कहने पर शो में टोबी को गेस्ट रोल में लिया गया। ऐसे ही रॉबर्ट डी नीरो की फिल्म 'दिस बॉयज लाइफ' में लियोनार्डो को मेन टीन रोल मिला था। बाद में फिर लियो ने अपने दोस्त के करैक्टर में टोबी को कास्ट करवा दिया था।

टोबी मैग्वायर - फोटो : इंस्टाग्राम-@tobeymaguir

नशे की लत से लड़खड़ाया करियर
टोबी का करियर ठीक चल रहा था। लेकिन तभी उन्हें नशे की ऐसी लत लगी कि टोबी फिल्मों तक को छोड़ने लगे। टोबी ने 'एम्पायर रिकार्ड्स' के डायरेक्टर से कहकर खुद को रिलीज करवाया था। जबकि टोबी फिल्म के काफी हिस्से की शूटिंग भी कर चुके थे। बाद में टोबी के सारे सीन डिलीट किए गए। टोबी उस वक्त तक शराब की लत के गंभीर रूप से शिकार बन गए थे। हालांकि, जल्द ही टोबी को अहसास हो गया कि नशा उनकी जिंदगी और करियर सबकुछ तबाह कर देगा। इसके बाद उन्होंने रिहैबिलिटेशन के जरिए इससे पीछा छुटाने की ठानी। जिसके बाद से आज तक टोबी नशे से दूर हैं।

टोबी मैग्वायर - फोटो : इंस्टाग्राम-@tobeymaguir

स्पाइडर मैन से बदल गया करियर
साल 2002 में टोबी मैग्वायर के जीवन का और करियर का सबसे अहम पड़ाव है। इसी साल आई फिल्म ‘स्पाइडर मैन’, जिसमें टोबी ने प्रमुख भूमिका निभाई। इस भूमिका से टोबी देखते-देखते ग्लोबल स्टार बन गए। फिल्म सुपरहिट रही और टोबी पूरी दूनिया में छा गए। इसके बाद साल 2004 में ‘स्पाइडर मैन 2’ आई और ये पहली स्पाइडर मैन से भी बड़ी हिट हुई। इस फिल्म को स्पाइडर मैन फ्रेंचाइजी की सबसे हिट फिल्म माना जाता है। इसके बाद साल 2007 में ‘स्पाइडर मैन 3’ आई। जिसमें आखिरी बार टोबी मैग्वायर स्पाइडर मैन के रूप में पूरी फिल्म में नजर आए। इसके बाद 2012 में ‘स्पाइडरमैन’ को रीबूट किया गया और ‘द अमेजिंग स्पाइडरमैन’ के नाम से फिल्म आई। इसमें एंड्रयू गारफील्ड ने स्पाइडरमैन का रोल किया।

‘स्पाइडर मैन 2’ से लगभग बाहर हो गए थे टोबी मैग्वायर
स्पाइडर मैन फ्रेंचाइजी की सबसे सफल फिल्म मानी जाने वाली 'स्पाइडर मैन 2' को लेकर एक किस्सा काफी मशहूर है। ऐसा बताया जाता है कि इस फिल्म से टोबी मैग्वायर बिल्कुल बाहर ही हो गए थे। उनकी जगह जैक जिलेनहाल स्पाइडर मैन के लिए फाइनल भी हो गए थे। टोबी के फिल्म से बाहर होने को लेकर कई तरह की खबरें सामने आई थीं, जिनमें अलग-अलग कारण बताए गए थे। कई रिपोर्ट्स में कहा गया था कि टोबी को उनकी शराब की लत की वजह से निकाला जा रहा है, तो कई रिपोर्ट्स में उनके खराब रवैये को इसका जिम्मेदार बताया जा रहा था। लेकिन बाद में एक इंटरव्यू में खुद टोबी ने इसके पीछे की असल वजह बताई थी। टोबी ने बताया था कि असल में उस वक्त उनकी बैक (पीठ-कमर) में काफी दिक्कत थी। उनकी कमर में काफी दर्द रहता था और वो नहीं चाहते कि शूटिंग के दौरान वो गंभीर रूप से चोटिल हो जाएं। लेकिन कुछ समय बाद उन्हें आराम मिल गया था और उन्होंने शूटिंग फिर से शुरू कर दी थी।

अमिताभ बच्चन, टोबी मैग्वायर और लियोनार्डो डीकैप्रियो - फोटो : सोशल मीडिया

अमिताभ बच्चन के साथ काम कर चुके हैं टोबी
टोबी मैग्वायर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ भी काम कर चुके हैं। 2013 में आई फिल्म 'द ग्रेट गैट्स्बी' में अमिताभ बच्चन भी प्रमुख भूमिका में नजर आए थे। इस फिल्म में लियोनार्डो डी कैप्रियो, टोबी और बिग बी ने एक साथ स्क्रीन शेयर की थी। टोबी मैग्वायर अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर करने को अपनी एक बड़ी उपलब्धि मानते हैं।

विज्ञापन

टोबी मैग्वायर - फोटो : सोशल मीडिया
वरदान के साथ-साथ अभिशाप बन गया ‘स्पाइ़डर मैन’ का किरदार
‘स्पाइडर मैन’ जैसी कल्ट और यादगार फिल्म देने के बाद भी टोबी का करियर वैसा नहीं रहा जैसा इतनी सफल फिल्म देने के बाद होना चाहिए। अच्छा और हिट अभिनेता होने के बाद भी टोबी को उस स्तर पर काम मिलना बंद हो गया। इसके पीछे की वजह भी उनका सबसे यादगार किरदार ‘स्पाइडर मैन’ ही रहा। लोगों के लिए टोबी को दूसरे किरदारों में स्वीकार करना मुश्किल हो गया। लोगों ने टोबी को पीटर पार्कर के अलावा किसी और किरदार में पसंद नहीं किया। जिसका असर ये हुआ कि मेकर्स ने टोबी को फिल्मों में कास्ट करना बंद कर दिया और उन्हें काम मिलना ही बंद हो गया। नतीजा टोबी के करियर का सबसे बड़ा किरदार ही उनके लिए वरदान के साथ-साथ एक अभिशाप भी बन गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें