अभिनेत्री रानी मुखर्जी को हाल ही में फिल्म 'मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे' के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला है। अवॉर्ड मिलने पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बुधवार को कहा कि अपने 30 साल के करियर का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतना एक भावुक क्षण है। रानी ने यह सम्मान अपने दिवंगत पिता राम मुखर्जी को समर्पित किया।
पिता को समर्पित किया सम्मान
मंगलवार को 71वें नेशनल फिल्म पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रानी मुखर्जी को 'मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे' में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार प्रदान किया। आशिमा छिब्बर द्वारा निर्देशित यह फिल्म मार्च 2023 में रिलीज हुई।
अवॉर्ड मिलने पर रानी ने कहा 'एक अभिनेत्री के रूप में अपने 30 साल के सफर में पहला राष्ट्रीय पुरस्कार पाकर मैं सचमुच अभिभूत हूं। यह सम्मान मेरे लिए मेरी दुनिया है। मैं इसे अपने दिवंगत पिता को समर्पित करना चाहती हूं, जिन्होंने हमेशा मेरे लिए इस पल का सपना देखा था।'
रानी मुखर्जी
- फोटो : पीटीआई
मां से मिली प्रेरणा
47 साल की अभिनेत्री ने बयान में कहा 'आज मुझे उनकी बहुत याद आ रही है और मैं जानती हूं कि यह उनका आशीर्वाद और मेरी मां की प्रेरणा है, जिसने मुझे श्रीमती चटर्जी की भूमिका निभाने में मार्गदर्शन दिया।'
उन्होंने अपने प्रशंसकों और 'मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे' के कलाकारों और क्रू के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
यह खबर भी पढ़ें: Rani Mukerji: पहले मंच छुआ, फिर ग्रहण किया राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, ट्रेडिशनल लुक में रानी ने लूटी लाइमलाइट
फैंस का शुक्रिया अदा किया
रानी मुखर्जी ने कहा 'मिसेज चटर्जी बनाम नॉर्वे की पूरी टीम ने इस शक्तिशाली कहानी में अपना दिल लगा दिया। मैं उनमें से प्रत्येक के प्रति बहुत आभारी हूं। मेरे फैंस हर उतार-चढ़ाव में मेरे साथ खड़े रहने के लिए आपका धन्यवाद। आपका अटूट प्यार और समर्थन मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा रही है। मैं जानती हूं कि यह पुरस्कार आप सभी के लिए कितना मायने रखता है। यह देखकर मुझे बहुत खुशी और आनंद मिलता है कि आप कितने खुश हैं।'
फिल्म की कहानी
फिल्म 'मिसेज चटर्जी बनाम नॉर्वे' नॉर्वे में रहने वाली एक भारतीय मां देबिका चटर्जी (मुखर्जी) की कहानी है। इसमें दिखाया गया है कि वह अपने बच्चों से जबरन अलग कर दिए जाने के बाद उनकी कस्टडी वापस पाने के लिए अधिकारियों से लड़ती हैं।
मुखर्जी अगली बार अपनी अपराध ड्रामा फिल्म 'मर्दानी 3' में दिखाई देंगी।