तेलुगु सुपरस्टार पवन कल्याण की मच अवेटेड फिल्म 'ओजी' इस वक्त सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। निर्देशक सुजीत के निर्देशन में बनी इस गैंगस्टर ड्रामा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पहले ही हफ्ते में रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन कर लिया है। बड़े पैमाने पर रिलीज हुई इस फिल्म ने महज सात दिनों में ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन के आंकड़े भी ठीक-ठाक ही हैं। हालांकि फिल्म की कमाई की रफ्तार अब धीमी पड़ती जा रही है।
फिल्म 'ओजी' में पवन कल्याण
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
सात दिनों का बॉक्स ऑफिस सफर
पहले हफ्ते में फिल्म के कलेक्शन में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। तीसरे और चौथे दिन कमाई लगभग बराबर रही, जबकि सोमवार और मंगलवार को इसमें गिरावट दर्ज की गई। सातवें दिन फिल्म ने लगभग 4.21 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया। इस तरह ‘ओजी’ का कुल घरेलू कलेक्शन 160 करोड़ रुपये हो गया है।
ओजी फिल्म
- फोटो : एक्स
वर्ल्डवाइड कमाई ने पार किया 250 करोड़
फिल्म के मेकर्स के अनुसार, ‘ओजी’ ने न सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर बल्कि वर्ल्डवाइड भी शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने सात दिनों के अंदर ही 250 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है। इसने पवन कल्याण की फिल्मों में अब तक की सबसे तेज़ कमाई करने वाली फिल्मों में जगह बना ली है।
फिल्म 'ओजी'
- फोटो : इंस्टाग्राम
पवन कल्याण का एक्शन
‘ओजी’ की सफलता की एक बड़ी वजह पवन कल्याण का दमदार एक्शन है। उनके किरदार का नाम ओजस गंभीरा है, जिसे फिल्म के टाइटल ओजी का आधार बनाया गया। वहीं, पहली बार दक्षिण भारतीय फिल्म में नज़र आए इमरान हाशमी ने खलनायक के रोल में दर्शकों का ध्यान खींचा है। उनकी निगेटिव भूमिका को दर्शकों से भरपूर सराहना मिल रही है। इसके अलावा प्रियंका अरुलमोहन, श्रीया रेड्डी, प्रकाश राज और अर्जुन दास की मौजूदगी ने फिल्म की कहानी को और मज़बूत बनाया है।
दे कॉल हिम ओजी
- फोटो : एक्स
‘ओजी यूनिवर्स’ का एलान
फिल्म की अपार सफलता के बाद मेकर्स ने ‘ओजी यूनिवर्स’ बनाने का एलान किया है। हैदराबाद में आयोजित एक स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान पवन कल्याण ने खुद इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि ‘ओजी यूनिवर्स’ का विस्तार आने वाले समय में और बड़ी कहानियों और किरदारों के साथ होगा। यह घोषणा सुनकर फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ गई है।