अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सूर्यवंशी' के बाद अब हिंदी सिनेमा में मल्टीस्टारर फिल्मों का चलन वापस आता दिख रहा है। हाल ही में हिंदी फिल्मों के निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने तेलुगू सुपरस्टार महेश बाबू को हिंदी फिल्म में काम करने का न्यौता दिया है। ये बुलावा उन्हें हिंदी सिनेमा के फुर्तीले अभिनेता रणवीर सिंह के साथ एक फिल्म में काम करने के लिए भेजा गया है।
जब से महेश ने रणवीर के साथ एक कोल्ड ड्रिंक का विज्ञापन किया है, तभी से इन दोनों के साथ में फिल्म करने की चर्चाएं हैं। अब इस खबर को सही करने के लिए साजिद ने पहल की है।
खबर ये भी हैं कि महेश बाबू ने साजिद के इस प्रस्ताव के लिए हां कह दी है। बहुत ही जल्द वे इसकी में घोषणा कर सकते हैं। महेश बाबू से पहले दक्षिण सिनेमा के कई बेहतरीन कलाकार हिंदी सिनेमा में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। धनुष, रामचरण, अक्किनेनी नागार्जुन, चिरंजीवी, किच्छा सुदीप जैसे कई कलाकार हैं, जिन्होंने दक्षिण में अपना परचम लहराने के बाद हिंदी सिनेमा को भी आजमाया।
कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में महेश बाबू ने कहा था कि वे हिंदी फिल्मों में काम नहीं करेंगे। भविष्य में अगर कभी मूड बदला, और कोई कहानी अच्छी मिल गई तो कर भी सकते हैं। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि महेश को हिंदी सिनेमा से कोई ऐतराज नहीं है। ऐसा नहीं है कि मल्टीस्टारर फिल्में भारतीय सिनेमा में बनना बंद हो गई हैं।
बनती तो हैं, लेकिन कोई भी दो बराबर के कलाकार फिल्म में एकसाथ पूरे किरदार में नजर नहीं आते। ये मौका ऐसा हो सकता है, जब हिंदी सिनेमा और दक्षिण सिनेमा के दो बड़े कलाकार एक साथ पूरे किरदार में पर्दा साझा करेंगे। अब दर्शकों को दोनों सितारों की आधिकारिक सहमति का इंतजार रहेगा।