रॉबर्ट पैटिनसन के फैंस के लिए यह खबर मिली-जुली रहने वाली है। एक ओर जहां ‘द बैटमैन पार्ट-2’ को लेकर नई अपडेट आई है, वहीं दूसरी ओर ये जानकर निराशा भी होगी कि फिल्म को फिर से आगे बढ़ा दिया गया है। निर्देशक मैट रीव्स (Matt Reeves) ने यह साफ कर दिया है कि ‘द बैटमैन’ की कहानी अभी अधूरी नहीं है, बल्कि उनकी योजना इसे एक डार्क नाइट ट्रिलॉजी के रूप में पेश करने की है। यानी आने वाले वर्षों में रॉबर्ट पैटिनसन का बैटमैन दो और फिल्मों में दिखाई देगा।
देरी पर निराश हुए फैंस
पहले से तय शेड्यूल के अनुसार ‘द बैटमैन पार्ट-2’ आज यानी 3 अक्टूबर 2025 को रिलीज होनी थी। लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। हॉलीवुड की राइटर्स गिल्ड की हड़ताल और स्क्रिप्ट तैयार होने में लगी अतिरिक्त देरी के कारण फिल्म की रिलीज टाल दी गई। इससे न केवल दर्शकों को झटका लगा बल्कि डीसी यूनिवर्स (DCU) की आगामी फिल्मों की प्लानिंग भी प्रभावित हुई।
अब कब रिलीज होगी ‘द बैटमैन पार्ट-2’?
डीसी स्टूडियोज ने आधिकारिक घोषणा में बताया कि फिल्म अब 1 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। यह वही साल होगा जब जेम्स गन (James Gunn) की ‘सुपरमैन: मैन ऑफ टुमॉरो’ भी रिलीज होने जा रही है। इस तरह दो बड़े डीसी सुपरहीरोज- बैटमैन और सुपरमैन की फिल्मों का एक ही साल में आना फैंस के लिए किसी महोत्सव से कम नहीं होगा।
यह खबर भी पढ़ें: Fadel Shaker: पॉप स्टार रह चुके फदेल शाकिर ने सेना को किया सरेंडर, आतंकियों को सहयोग देने का भी लग चुका आरोप
स्क्रिप्ट तैयार, अब शूटिंग की बारी
कई महीनों की खामोशी के बाद जून 2025 में मैट रीव्स ने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें ‘द बैटमैन 2’ का फाइनल स्क्रिप्ट कवर दिखाया गया। इस पोस्ट ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी। इसके बाद वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के सीईओ डेविड जस्लाव ने यह भी कंफर्म किया कि फिल्म की शूटिंग स्प्रिंग 2026 में शुरू होगी। यानी 2025 के अंत तक इसके कास्टिंग अपडेट्स और कहानी की झलक सामने आने लगेगी।
कहानी को लेकर क्या है चर्चा
हालांकि, फिल्म की कहानी को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि ‘द बैटमैन’ के पहले पार्ट में जहां गोथम सिटी के डार्क और रियलिस्टिक टोन को दिखाया गया था, वहीं दूसरा पार्ट और गहराई में जाएगा, खासकर ब्रूस वेन की मानसिक स्थिति और अपराध की नई लहर को लेकर।