शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान का पहला शो ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ अपनी रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो का ट्रेलर सामने आने के बाद फैंस इसे देखने के लिए काफी उत्साहित हैं। आर्यन खान को कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए काफी कम देखा गया है। अब ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ का हिस्सा होने वाले अभिनेता राघव जुयाल ने आर्यन खान के कैमरे के सामने स्माइल न करने के पीछे की वजह का खुलासा किया है।
वह मुस्कुराने से डरते हैं
द बॉलीवुड हंगामा के साथ बातचीत के दौरान राघव जुयाल ने अपने निर्देशक आर्यन खान को लेकर बात की। राघव ने कहा कि आर्यन को कैमरे के सामने मुस्कुराने का डर है। वह कैमरे के सामने मुस्कुराते नहीं हैं। उनको एटीट्यूड में रहना बहुत पसंद है। लेकिन हमारे साथ वह मजे भी करते हैं। उनमें एक बच्चों जैसी ऊर्जा है। लेकिन कैमरे के सामने उनकी आदत है, जो मुझे बहुत अच्छा लगता है और लड़कियों को भी।
राघव बोले- मैं एक दिन आर्यन को जरूर हंसाऊंगा
राघव ने आगे कहा कि मैंने उनको बोला है कि मैं एक दिन तुमको हंसाऊंगा जरूर कैमरा के आगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि 'नहीं नहीं भाई ऐसा मत करो।' उसके बाद से वो जब भी मुझसे मिलते हैं मैं उनको बोलता हूं मैं तुम्हें पक्का हंसाऊंगा जरूर। इसी दौरान साथ में मौजूद लक्ष्य लालवानी ने आर्यन को लेकर कहा कि अगर वह कभी हंसते भी हैं, तो उसकी तस्वीरें कभी बाहर नहीं आएंगी।
यह खबर भी पढ़ेंः Diljit Dosanjh: आखिर आर्यन खान को देख क्यों चौंके दिलजीत? बताया ये सच, बोले- ‘जब मैं गाना शूट कर रहा था, तो…’
18 सितंबर से स्ट्रीम होगी सीरीज
‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ 18 सितंबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाला है। इस सीरीज में बॉलीवुड की कहानी को दिखाया गया है। सीरीज में लक्ष्य लालवानी और राघव जुयाल के अलावा बॉबी देओल, सहर बंबा और मोना सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। इसके अलावा शो में तमाम सितारों के कैमियो भी हैं। जिनमें करण जौहर, शाहरुख खान, रणवीर सिंह, सलमान खान और आमिर खान समेत कई स्टार्स शामिल हैं।