तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से बड़ी खबर सामने आई है, जहां दिग्गज अभिनेता राजाशेखर एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए। लंबे समय के अंतराल के बाद फिल्म सेट पर लौटे अभिनेता को एक एक्शन सीन शूट करते वक्त ऐसी चोट लगी कि उन्हें फौरन अस्पताल ले जाना पड़ा। डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी करने की सलाह दी और करीब तीन घंटे चले ऑपरेशन के बाद अभिनेता की हालत स्थिर बताई जा रही है। फिलहाल वो तेज दर्द से गुजर रहे हैं और डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम का आदेश दिया है।
एक्शन सीन के दौरान हुआ बड़ा हादसा
63 वर्षीय राजाशेखर हैदराबाद के मेडचल इलाके में अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। एक हाई-इंटेंसिटी एक्शन सीक्वेंस के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वो बुरी तरह गिर पड़े। गिरावट इतनी जोरदार थी कि उनके दाहिने पैर के टखने में कई जगह फ्रैक्चर हो गए। उनकी टीम के मुताबिक उन्हें राइट एंकल बाईमैलिओलर डिसलोकेशन के साथ कंपाउंड फ्रैक्चर हुआ, जो बेहद गंभीर चोट मानी जाती है। टीम ने तुरंत उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बिना देरी सर्जरी करने का फैसला किया।
तीन घंटे चली सर्जरी
डॉक्टरों ने राजाशेखर के पैर में कई तरह की मेडिकल प्रक्रियाएं कीं, जिसमें ओपन रिडक्शन, इंटरनल फिक्सेशन, स्क्रू प्लेसमेंट और प्लेटिंग शामिल था। उनके टखने और हड्डियों को स्थिर करने के लिए विशेष स्टील प्लेट्स और के-वायर का इस्तेमाल किया गया। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने बताया कि चोट गहरी थी और रिकवरी में समय लगेगा। फिलहाल अभिनेता को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे कम से कम 3 से 4 हफ्ते तक पैर को बिल्कुल न हिलाएं।
यह खबर भी पढ़ें: 'इनकी तो तारीफ होनी चाहिए...', बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' ने मचाया धमाल; रणवीर शौरी ने फिल्म को लेकर कही यह बात
फिर बढ़ा आराम का समय, शूटिंग टली
स्वास्थ्य में सुधार के लिए राजाशेखर को अब दोबारा अंतराल लेना होगा। फिल्म टीम ने उनकी सभी शूटिंग गतिविधियां फिलहाल रोक दी हैं। नई शूटिंग डेट्स जनवरी 2026 के बाद तय होंगी, वो भी डॉक्टरों की अनुमति पर निर्भर करेगा। दिलचस्प बात यह है कि राजाशेखर इससे पहले भी 1989 की अपनी फिल्म मगाडू की शूटिंग के दौरान बिल्कुल इसी तरह की गंभीर चोट झेल चुके हैं, लेकिन तब चोट उनके बाएं पैर में लगी थी।
परिवार ने अब तक नहीं दिया बयान
अभिनेता की पत्नी जीविता और दोनों बेटियां शिवानी और शिवात्मिका ने इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर लगातार उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
अभिनेता का वर्कफ्रंट
राजाशेखर को आखिरी बार 2023 में रिलीज हुई एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी मैन में देखा गया था। वे निर्देशक अभिलाष रेड्डी कंकड़ा की फिल्म बाइकर की शूटिंग कर रहे थे, जिसमें अभिनेता शरवानंद भी नजर आएंगे। इसके अलावा उनके पास दो और फिल्में भी लाइन में हैं, जिनकी घोषणा जल्द होने वाली थी, पर अब योजनाओं में बदलाव संभव है।