किसान परिवार से ताल्लुक रखते थे गिरी बाबू
गिरी बाबू प्रकाशम जिले के रविनुथला गांव के एक मध्यमवर्गीय किसान परिवार से थे। फिल्मों में करियर बनाने के लिए वे मद्रास चले गए। गिरीबाबू ने अपने करियर की शुरुआत मुख्य अभिनेता के तौर पर की थी, लेकिन बाद में उन्होंने विलेन की भूमिकाएं निभानी शुरू कर दीं। फिर उन्होंने कॉमिक रोल भी किए।
- गिरी बाबू ने साल 1973 में फिल्म 'जगमे माया' से अपने करियर की शुरुआत की थी।
- उन्होंने पांच दशक के करियर में 600 से ज्यादा फिल्मों में काम किया।
- मालूम हो कि उनके बेटे रघुबाबू टॉलीवुड के स्टार कॉमेडियन हैं।
इन फिल्मों में किया था काम
गिरी बाबू ने कई तरह के अलग-अलग किरदार निभाकर तेलुगु सिनेमा में अपनी पहचान बनाई। करुणामयुडू, सिम्हा गर्जना, कांचू कागड़ा, सिंहासनम, खड्गम, अथाडू, गम्यम, दमरुकम और गीत गोविंदम जैसी फिल्मों में उनके काम को दर्शकों ने खूब पसंद किया। एक्टिंग का दमखम दिखाने के साथ ही उन्होंने खुद को निर्माता और निर्देशक के रूप में भी स्थापित किया।
शुरू किया था प्रोडक्शन हाउस
अभिनय के अलावा गिरी बाबू ने निर्माता और निर्देशक के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। उन्होंने प्रोडक्शन हाउस जयभेरी पिक्चर्स की स्थापना की और कई फिल्मों का निर्माण किया। उन्होंने रणरंगम, इंद्रजीत और नी सुखामे नी कोरुथुन्ना जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। गिरी बाबू के निधन पर तेलुगु सितारे और फैंस दुख जता रहे हैं और श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।