लगभग ढाई महीने के लंबे लॉकडाउन के बाद महाराष्ट्र सरकार ने फिल्मों और टीवी के सभी निर्माताओं को शूटिंग और पोस्ट प्रोडक्शन का काम शुरू करने की इजाजत तो दे दी है लेकिन अभी तक किसी भी शो की शूटिंग शुरू नहीं हुई है। एक खबर इसी क्रम में है कि टीवी के डांसिंग रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' की शूटिंग सबसे पहले शुरू हो जाएगी। शो के जजों में से एक मलाइका अरोड़ा पहली सेलेब्रिटी होंगी जो सेट पर आकर शो की शूटिंग शुरू करेंगी।
इस बारे में पड़ताल की गई तो पता चला कि प्रोडक्शन हाउस ने जब मलाइका अरोड़ा को शो शुरू करने के बारे में पूछा तो उन्होंने तुरंत हां बोल दी। निर्माताओं को उनके जवाब पर थोड़ा सा आश्चर्य हुआ क्योंकि ज्यादातर फिल्मी कलाकार इतनी जल्दी शूटिंग शुरू करने के पक्ष में नहीं हैं। मलाइका वापस सेट पर आकर शूटिंग शुरू करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। प्रोडक्शन टीम यह भी सुनिश्चित कर रही है कि शूटिंग शुरू होने के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाएं। खास तौर पर सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जाए। मलाइका के साथ इस शो में गीता कपूर और टेरेंस लुईस भी जज हैं। निर्माता उनसे भी बातचीत करने में लगे हुए हैं।