ओलम्पिक में पदक जीत चुके स्टार मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने इस बात से पर्दा उठा दिया है कि वह टेलीविजन रियैलिटी शो 'बिग बॉस सीजन 6' में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। विजेंदर ने सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक पर इस बात का खुलासा किया है कि, "दोस्तों, मैं बिग बॉस के घर में नहीं जा रहा हूं। यह सब बकवास खबरें हैं।"
उल्लेखनीय है कि ऐसी खबरें चर्चा में थी कि विजेंदर के अलावा फिल्मकार शिरीष कुंदर और प्रसिद्ध अभिनेत्री अरुणा ईरानी के इस साल इस कार्यक्रम में भाग लेने की सम्भावना है।
इस कार्यक्रम की शुरूआत 7 अक्टूबर रविवार को होगी। इसकी मेजबानी अभिनेता सलमान खान कर रहे हैं और ऐसी उम्मीद है कि इस संस्करण में टेलीविजन, फिल्म, पेज-3 और खेल जैसे सभी क्षेत्र की हस्तियां भाग लेंगी।
इसमें शामिल होने वाले सम्भावितों में चरित्र अभिनेता आशुतोष राणा, हास्य अभिनेता सतीश शाह, निर्देशक महेश मांजरेकर, शत्रुघ्न सिन्हा के जुड़वां बेटे लव-कुश, 'एफआईआर' धारावाहिक से चर्चित हुई टेलीविजन अभिनेत्री कविता कौशिक हैं।
'बिग बॉस' के सम्भावित प्रतिभागियों की सूची में टेलीविजन अभिनेत्री रश्मि देसाई संधू, जेनिफर विंगेट, संगीत घोष, संगीतकार बप्पा लाहरी, गायक उदित नारायण के बेटे आदित्य नारयण, गायिका अनुष्का मनचंदा और उद्योगपति अतुल्य मफतलाल की पत्नी शीतल मफतलाल का नाम भी शामिल है।