दरअसल, अक्षय कुमार अपनी फिल्म 'कठपुतली' के प्रमोशन के लिए कपिल शर्मा के शो में आए थे और इस एपिसोड का अनसेंसर्ड वीडियो अब यूट्यूब पर सामने आया है, जिसमें अक्षय कुमार और कपिल शर्मा खूब मस्ती करते दिख रहे हैं। इस वीडियो की शुरुआत तब से होती है, जब कपिल शर्मा अपने घर से सेट की ओर जाते हैं। इसके बाद वीडियो में कॉमेडियन अपना शो शुरू करते नजर आ रहे हैं लेकिन फिर अक्षय कुमार आगे आते हैं और वह कपिल शर्मा का शो शुरू करते हैं। इसके बाद ही दोनों के बीच मजाक-मस्ती का सिलसिला शुरू हो जाता है।
इस वीडियो में ही कपिल शर्मा आगे अक्षय से उनकी फिल्म 'कठपुतली' के बारे में बात करते नजर आते हैं। इस दौरान वह अभिनेता से कहते हैं, 'कठपुतली में एक साइको सीरियल किलर को ढूंढ रहे हैं अक्षय पाजी। पर असल में आप क्या सोचते हैं कि सीरियल किलर कौन होता है?' कपिल की बात सुनकर अक्षय कुमार पहले सोच में पड़ जाते हैं और फिर बोलते हैं, 'देखिये सीरियल किलर कौन होता है?' इसके बाद वह कपिल शर्मा की ओर उंगली करते हुए कहते हैं, 'सबसे बड़ा सीरियल किलर यही है। इसने कई शो बंद करवाए हैं।'
अक्षय की इस बात का जवाब देते हुए कपिल शर्मा कहते हैं, 'सीरियल ब्रेक लेते हैं।' इस पर अक्षय कहते हैं, 'ब्रेक क्यों लेते हैं?' इस पर कॉमेडियन कहते हैं, 'हमारी भी फैमिली है।' हालांकि, अक्षय कुमार कपिल शर्मा को बीच में ही चुप करवा देते हैं और कहते हैं कि जब शो कर रहा होता है, तो फैमिली कहां चली जाती है। अक्षय कुमार और कपिल शर्मा की यह बातचीत वहां मौजूद हर किसी को हंसने पर मजबूर कर देती है और अब यूट्यूब पर भी यह वीडियो लोगों को खूब हंसा रही है।