इस साल कई नए शोज शुरू होने जा रहे हैं। कलर्स पर जहां 'ना बोले तुम, ना मैंने कुछ कहा' का सीजन 2 आ रहा है वहीं लाइफ ओके पर 'वेलकम : बाजी मेहमान नवाजी की' शुरू होने जा रहा है। इतना ही नहीं 'संस्कार, धरोहर अपनो की', 'मास्टर शेफ' जैसे शोज भी आने वाले हैं। इसी फेहरिस्त में एक और शो जुड़ गया है और वो है 'अमिता का अमित'।
सोनी टीवी पर इसी सोमवार यानी 14 जनवरी 2012 को रात 8.30 बजे से नया फिक्शन शो 'अमिता का अमित' शुरू होने जा रहा है।
स्वास्तिक प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित 'अमिता का अमित' मुंबई की गुजराती पृष्ठभूमि में तैयार की गयी एक सरल कहानी है, जो अमिता के जीवन का चित्रण प्रस्तुत करती है। स्वभाव से सरल तथा नम्र अमिता एक असाधारण जीवन साथी और उत्तम ससुराल की कल्पना करती है। वह अपने सपनों के राजकुमार से शादी करना चाहती है और यह उम्मीद करती है कि उसका होने वाला पति किसी फिल्म अभिनेता से कम खूबसूरत न हो।
अपने माता-पिता से लाड़-प्यार पाने वाली यह लड़की अपने भावी ससुराल में भी इसी समान लाड़-प्यार की उम्मीद रखती है। लेकिन क्या ऐसा परफेक्ट लड़का वास्तविकता में हो सकता है, क्या उसकी नियति इस इच्छा की पूर्ति करेगी और भाग्य उसका साथ देगा?
इस शो से चांदिनी भगवनानी का अभिनय की दुनिया में आगमन हो रहा है, जो एक मधुर एवं सामान्य नैन-नक्श वाली लड़की अमिता का किरदार निभाएगी।
इसके अलावा इस शो में कुछ रंगमंच कलाकार नयन भट्ट, जगेश मुकाती, ज्योति गाउबा, रक्षा देसाई और नेहा सक्सेना भी दिखाई देंगे।