'कलियों का चमन' गाने से घर घर में फेमस हुईं मेघना नायडू इन दिनों बेडरेस्ट पर हैं। दरअसल बताया जा रहा है कि मेघना नायडू के शरीर से एक गांठ हटाने के लिए उनकी सर्जरी हुई है और उसके बाद उन्हें दो हफ्ते आराम करने की सलाह दी गई है। मेघना की ये सर्जरी शुक्रवार को की गई थी।
मेघना मे मीडिया से बातचीत में कहा, “मेरी पीठ में एक गांठ थी, जिसके बारे में मुझे जानकारी नहीं थी। धीरे-धीरे यह बड़ी हो गई। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि मैं पिछले एक साल से लापरवाह थी। मुझे बताया गया कि मेरी पीठ में एक गांठ है और मुझे इसे दिखाना चाहिए। लेकिन मैंने यह कभी नहीं किया।”
इसके आगे बात करते हुए मेघना ने कहा, “हाल ही में इसमें दर्द शुरू हुआ, तब मैंने इसकी जांच कराई। डॉक्टर ने कहा कि यह संक्रमित हो गई है और जितना जल्द हो सके, इसे हटाने के लिए सर्जरी करानी होगी। इसलिए अब मेरे पीठ में कुछ टांके आए हैं और मुझे दो सप्ताह के लिए आराम की सलाह दी गई है।”
मेघना साउथ सिनेमा का काफी जाना माना चेहरा हैं। फिल्मों के अलावा मेघना ने छोटे पर्दे पर भी अभिनय किया है। वह आखिरी बार कलर्स के लोकप्रिय शो ‘ससुराल सिमर का’ में दिखाई दी थीं।