सब टीवी कॉमेडी का एक नया डोज लेकर आ रहा है 'हम आपके हैं इन-लॉज'। इस शो में 'पवित्र रिश्ता' से पॉपुलर होने वाली पूजा नजर आएंगी। पूजा पहली बार किसी कॉमेडी शो में दिखेंगी। शो एक विवाहित जोड़े पर आधारित है जिसमें पति अपनी पत्नी के प्यार में शादी के कई सालों बाद भी दीवाना रहता है।
पूजा के अपोजित टीवी के मशहूर एक्टर करण हैं। करण अपने चार्मिंग लुक और आकर्षक व्यक्तित्व के लिए फेमस हैं। करण कई भावुक और जुनूनी किरदार निभा चुके हैं और अब अपने कॉमेडियन अंदाज से दर्शकों को हंसाने वाले हैं।
अपने किरदार के बारे में करण का कहना है कि 'शो में मैं गुलशन ग्रोवर का किरदार निभा रहा हूं। मेरा किरदार एक ऐसे पति का है, जो अपनी पत्नी से बेहद प्यार करता है और यहां तक कि उसकी अनुचित मांगों को पूरा करने पर भी वह सहमत हो जायेगा। हर समय वह अपनी राय व्यक्त करने में असफल होता है और उसके मन में जो गाना बजता रहता है, वह उसकी दयनीय स्थिति को बताने के लिये पर्याप्त है। मेरा किरदार काफी हास्यप्रद है, क्योंकि मैं बेहद मासूमियत के साथ सारे काम करता हूं और लोगों को उस पर हंसी आती है।'
करण आगे कहते हैं, मैंने कभी भी कॉमेडी धारावाहिकों में अभिनय नहीं किया है। कॉमेडी में टाइमिंग का बहुत महत्व होता है। मैं अपनी ओर से पूरी कोशिश की है और अब मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को भी मेरा यह नया अवतार पंसद आयेगा।'
पूजा पिहल का अपने किरदार के बारे में कहना है कि, 'हम आपके हैं इन-लॉज में दामिनी ग्रोवर का किरदार निभाने को लेकर मैं बेहद रोमांचित हूं। यह कॉमेडी शैली में मेरे लिये पहला अनुभव है। मैं हमेशा से अश्विनी धीर के साथ काम करना चाहती थी और यह मेरे लिये एक सपने के सच होने जैसा है। धारावाहिक के कलाकारों के साथ काम करना बेहद आनंददायक रहा और शो की शूटिंग के दौरान मैंने काफी मस्ती की। मुझे उम्मीद है कि मेरे प्रशंसक, जो अब तक मुझे नकारात्मक भूमिकाओं में देखते रहे हैं, मेरे इस नये अवतार को भी पसंद करेंगे।'
इस शो के बारे में सब टीवी के कार्यकारी वाइस प्रेसिडेंट एवं बिजनेस प्रमुख अनूज कपूरका कहना है कि, ससुराल वाले किसी भी शादी का अहम हिस्सा होते हैं और इस शो में हमने एक दंपत्ति एवं उनके संबंधित ससुराल वालों के बीच प्यारे बंधन को दिखाया है।'
गौरतलब है कि सब टीवी पर जल्द शुरू होने वाला 'हम आपके हैं इन-लॉज' में पारिवारिक मूल्यों पर जोर दिया गया है। अब देखना होगा कि कॉमेडी का ये डोज दर्शकों को अपनी ओर कितना रिझा पाता है।