लिविंग लेजेंड प्राण साहेब ने सिनेमा के रुपहले परदे पर एक से बढ़ कर एक फ़िल्में करके न केवल सिनेमा को अलग पहचान दिलवाई बल्कि कई यादगार भूमिकाएं भी निभाई।
यही वजह है कि हाल ही में उन्हें दादा साहेब फाल्के जैसे सिनेमा के सबसे बड़े पुरस्कार से नवाज़ा गया।
हालाँकि ये पुरस्कार उन्हें काफी पहले मिल जाना चाहिए था। खैर! बहुत ही कम लोग जानते हैं कि प्राण साहेब ने बड़े परदे के अलावा छोटे परदे पर भी अपनी अदाकारी का जादू बिखेरा है।
जी हां, प्राण साहब ले डी डी वन के धारावाहिक 'बाप से बड़ा रुपया' में अभिनय किया था। इस धारावाहिक के निर्माता थे हेलियस ग्रुप और निर्देशक थे यतीन्द्र रावत।
यतीन्द्र रावत दूरदर्शन के जाने -माने निर्देशक हैं ,जिनके खाते में ,''युग '',''अर्धांगिनी '',''कुन्ती'',''तलाक़ क्यों?'', ''दीवार'', ''आंधी ज़िंदगी की'',''तलाश'',''मर्यादा'',''सौतेला'',''ये हवाएं'',''कामना'' ,''नेन्सी'' जैसे अनेकों लोकप्रिय धारावाहिक दर्ज हैं। इन दिनों वे सहारा वन के हॉरर सीरियल ''हौंटेड नाईट्स'' के निर्देशन में व्यस्त हैं।
कई जाने-माने कलाकारों के साथ काम कर चुके यातिंदर प्राण साहेब की यादों को ताज़ा करते हुए कहते हैं ,''अमिताभ, शाहरुख़, सलमान, गोविंदा, अक्षय जैसे स्टार्स टीवी पर बहुत बाद में आये। मगर प्राण साहेब ने छोटे परदे की ताकत को बहुत पहले ही पहचान लिया था। उनके साथ काम करना बहुत ही यादगार था।''
वे आगे कहते हैं कि, ''उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। ये मेरा सौभाग्य है की छोटे परदे पर उन्होंने सिर्फ एक सीरियल किया और वो भी दूरदर्शन पर जिसका निर्देशक मैं था, मैं इस सम्माननीय पुरस्कार के मौके पर उन्हें दिल से बधाई देता हूँ और उनकी अच्छी सेहत की कामना करता हूँ।''