रियलिटी शो सारेगामापा लिटिल चैंप्स में कक्कड़ भाई-बहनों, संगीतकार साजिद खान और किंग ऑफ कॉमेडी गोविंदा के बाद अब अगले एपिसोड में अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्रियां पद्मिनी कोल्हापुरे और पूनम ढिल्लों मेहमान बनकर पहुंच रही हैं। जब बी-टाउन की ये दोनों जानी-मानी सुंदरियां मौजूद होंगी, तो आने वाले एपिसोड में सभी कंटेस्टेंट्स जजों और इन मेहमानों को आकर्षित करने के लिए कुछ लोकप्रिय सदाबहार गाने प्रस्तुत करेंगे।
शूटिंग लोकेशन से मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान माधव और तनिष्का ने ‘मेरी किस्मत में तू नहीं शायद’ गाने पर एक बेहतरीन एक्ट प्रस्तुत किया, जिसे देखकर पूनम ढिल्लों हैरान रह गईं। वो इस परफॉर्मेंस से इतनी इम्प्रेस हुईं कि उन्होंने सभी बच्चों को, खासतौर से माधव को विशेष कॉम्प्लीमेंट दिए। पूनम ढिल्लों ने बताया कि माधव को सुनकर ऐसा लगा जैसे वो रफी जी को सुन रही हैं। हालांकि वो माधव को एक और वजह से पहचान गईं क्योंकि इससे पहले उन्होंने उसे चंडीगढ़ में हुए रफी नाइट्स नाम के एक समारोह में गाते हुए सुना था। पूनम उस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थीं।