समीर कोचर आजकल एकता कपूर के धारावाहिक 'बड़े अच्छे लगते हैं' में नजर आ रहे हैं। लेकिन उनका मानना है कि इस धारावाहिक के मुख्य कलाकार राम कपूर और साक्षी तंवर से उनका कोई मुकाबला नहीं।
'एक्सट्रा इनिंग' के प्रजेंटर समीर ने कहा, "एक अभिनेता के तौर पर मेरा स्थान बिल्कुल सेफ है और मैं इससे खुश हूं। मैं यहां किसी से मुकाबला करने नहीं आया। मैं यहां एक नए माध्यम के साथ प्रयोग करने आया हूं।"
उनका कहना है कि हालांकि इसमें राम और प्रिया दो प्रमुख कलाकार हैं लेकिन इस धारावाहिक में उनके द्वारा निभाया जा रहा रजत कपूर का किरदार भी काफी अहम है।
समीर फिल्म 'जहर', 'बोल्ड' और 'जन्नत' में काम कर चुके हैं। 2008 से 'आईपीएल' की 'एक्सट्रा इनिंग' को पेश कर रहे 32 वर्षीय समीर इस वर्ष 'सरवाइवर इंडिया' को भी प्रजेंट कर चुके हैं।
समीर ने इस धारावाहिक से जुड़ी कोई बात बताने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस धारावाहिक में अभी घुमावदार मोड़ आएंगे लेकिन वह इसका खुलासा नहीं कर सकते और दर्शकों को इसका इंतजार करना चाहिए।
समीर हर तरह का काम करना पसंद करते हैं और मिलन लुथरिया की फिल्म 'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुम्बई' के अगले संस्करण में नजर आएंगे।