'ये हैं मोहब्बतें' की 'मिहिका अय्यर' यानी 'मिहिका वर्मा' को किसी ने उनके फेसबुक फैन पेज पर गंदी भाषा में कमेंट कर परेशान कर दिया है। मिहिका ने बताया कि उनका एक फैन पेज है और वह रोज उस पर अपने फैन्स के कमेंट पढ़ती भी हैं। जब कभी मौका मिलता है तो उनका जवाब भी दे देती हैं। इन्हीं कमेंट के बीच एक आदमी का कमेंट था जो काफी गंदी भाषा में लिखा हुआ था। यही नहीं उस व्यक्ति ने उनके भाई मिश्कत वर्मा के बारे में भी गाली गलौज की भाषा में काफी कुछ लिखा था।
मिहिका कहती हैं,''मुझे नहीं पता उसने ऐसा क्यों लिखा। हो सकता है वह मेरा ध्यान अपनी तरफ खींचना चाहता हो या शायद उसने मेरी मॉडलिंग के दिनों की तस्वीरें देख ली हों जिसमें मैंने छोटे कपड़े पहने हैं। सोशल मीडिया पर ऐसा मेरे साथ पहली बार हुआ है इसलिए मैं उसे 'बेनेफिट ऑफ डॉउट' देती हूं। फिलहाल मैंने उसे ब्लॉक कर दिया है। लेकिन अगर उसने दोबारा मेरी फ्रोफाइल पर कुछ गलत लिखा तो मैं उसकी शिकायत जरूर करूंगी।''