एकता कपूर प्रोड्यूसर सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में एक बार फिर से दर्शकों को मिहिर और तुलसी के अटूट रिश्ते की कहानी देखने को मिल रही है। सीरियल में स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय ही लीड रोल में नजर आ रहे हैं। हाल ही में सीरियल में जो नया ट्रैक शुरू हुआ है, उससे फैंस नाराज हैं।
तुलसी और मिहिर के बीच आईं नोयना
सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में नोयना की असली रूप दर्शकों के सामने आ चुका है। वह मिहिर को हर हालत में पाना चाहती है। इसके लिए मिहिर और तुलसी के रिश्ते में दरार पैदा करने की कोशिश भी करती है लेकिन सफल नहीं होती है। इसी ट्रैक से दर्शकों को समस्या होने लगी है। कई दर्शकों को लगता है कि मेकर्स पिछले सीजन का ट्रैक ही रिपीट कर रहे हैं। बताते चलें कि ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के पहले सीजन में मंदिरा ने मिहिर को पाने के लिए साजिशें रची थीं, तुलसी ने इन साजिशों का मुकाबला भी किया था।
ये खबर भी पढ़ें: TRP Week 38: अनुपमा और तुलसी में से टीआरपी की रेस में कौन आगे? जानिए, बाकी सीरियल्स का हाल?
यूजर्स बोले- फिर से मंदिरा वाली स्टोरीलाइन
एक यूजर ने सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के नए ट्रैक को लेकर लिखा है, ‘फिर से वही मंदिरा वाली स्टोरी लाइन, हद है। एक और यूजर ने ट्रोल करते हुए कमेंट लिखा, ‘यह ट्रैक बिल्कुल भी पसंद नहीं आया। बहुत ही निराशाजनक है।’ एक फैन ने लिखा, ‘प्लीज, स्टोरी रिपीट मत करो।’ ऐसा नहीं है कि सभी को नया ट्रैक बुरा लगा है। कुछ यूजर्स ने मिहिर और तुलसी की बॉन्डिंग को पसंद भी किया है। उन्हें यकीन है कि यह जोड़ी सीरियल में कभी अलग नहीं होगी।
टीआरपी में दूसरे नंबर पर आया शो
सीरियल में जो नया ट्रैक चल रहा है, उसकी वजह से सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ 38वें हफ्ते की टीआरपी लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ चुका है। पहले नंबर पर रुपाली गांगुली के सीरियल ‘अनुपमा’ ने जगह बनाई है।