सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में अपने परिवार और शांति निकेतन की जिम्मेदारियां अब भी तुलसी बखूबी निभा रही हैं। मगर उसे चिंता है कि आगे शांति निकेतन की जिम्मेदारी कौन संभालेगा? कौन उसके लिए मददगार बनेगा? इन्हीं सवालों के बीच एक नए चेहरे की एंट्री सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में होती है। सोशल मीडिया पर भी कुछ वीडियो, फोटोज वायरल हैं, जिसमें तुलसी की नई बहू की झलक मिलती है।
माता रानी से तुलसी के सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तुलसी, माता रानी से सवाल करती है? ‘कौन बचाएगा मेरे घर को? क्या मैं अपने बच्चों के लिए अच्छी मां नहीं बन सकी? कौन करेगा मेरी मदद?’ इन्हीं सवालों के बीच उलझी तुलसी, शांति निकेतन के आगंन में लगे तुलसी के पौधे को बारिश से बचाती हुई दिखती है।
तुलसी के पौधे के आगे एक नए चेहरे की झलक
आगे वायरल वीडियो में नजर आता है कि एक दूसरी जगह तुलसी के पौधे के आगे नए चेहरे की एंट्री होती है। सुंदर, सादगी से भरा चेहरा लिए एक लड़की नजर आती है। यही होगी तुलसी के घर की नई बहू। दरअसल, यही लड़की तुलसी को एक बड़ी मुश्किल से बाहर निकालेगी। उसके लिए मददगार बनेगी।
अब तक सीरियल में क्या-क्या हुआ
सीरियल में अब तक दिखाया गया है कि तमाम कोशिशों के बावजूद घर के कुछ सदस्य तुलसी से नाराज रहते हैं। घर की नई पीढ़ी की सोच भी अलग है। ऊपर से तुलसी खुद के बढ़ते वजन और उम्रदराज होने को लेकर भी परेशान है क्योंकि पति मिहिर ने खुद को आज तक फिट रखा हुआ है। ऐसे में कुछ लोग उसे ताने देते हैं कि मिहिर के सामने वह बड़ी नजर आती है।