दूरदर्शन ने कई कलाकारों को खूब ऊंचाइयां दी हैं। इसलिए आज भी कलाकारों के लिए इसका महत्व कम नहीं हुआ है। करन आनंद भी ऐसे ही कलाकार हैं, जो निजी चैनलों के शो में भी नजर आते हैं और डीडी पर भी।
डीडी पर आजकल प्रसारित हो रहे शो 'कभी तो मिल के सब बोलो' में मुख्य भूमिका निभा रहे करन इस शो के निर्माता भी हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि पर बने इस शो के बारे में करन कहते हैं, `मैंने जी, सोनी सहित कई चैनल्स के लिए काम किया है, पर दूरदर्शन पर बन रहे शो का अंदाज ही अलग होता है।
यह शो भी कुछ ऐसा ही है। इसकी कहानी ग्रामीण भारतवासियों को जागरूक करती है। असल में कई सरकारी ग्रामीण योजनाओं का फायदा ग्रामीणों को नहीं मिल पाता है। शो की कहानी के केंद्र में यही बातें हाइलाइट की गई हैं।
इसके अलावा मैं 6 दिसंबर और रात बाकी जैसी फिल्में भी बना रहा हूं।’ करन की एक्टिंग से तो हम सब वाकिफ ही हैं, उनकी फिल्मों का भी इंतजार रहेगा।