शो बिजनेस देखने में आसान लगता है, लेकिन इसमें काम कर रहे एक्टर्स पर हर पल गजब का दबाव होता है। दबाव में अच्छा परिणाम देना हर किसी के लिए एक चुनौती होती है। फिर चाहे वह खिलाड़ी हो या कलाकार। ऐसे ही एक कलाकार हैं कानन मल्होत्रा।
जीटीवी पर हाल ही में शुरू हुए शो 'रब से सोणा इश्क' में दलजीत की भूमिका निभाने वाले कानन पर न तो अच्छी एक्टिंग करने का दबाव था और ना ही दर्शकों का। बल्कि उन पर दबाव था अपने पापा का जिन्होंने कानन को बतौर अभिनेता अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए एक समय सीमा निर्धारित कर दी थी।
उन्होंने कानन को साफ तौर पर कह दिया था, ‘मुझे अभिनय में तुम्हारा कैरियर स्थिर नहीं दिख रहा है। इसलिए मैं तुम्हें एक क्षेत्र में पांव जमाने के लिए छह महीने का समय देता हूं। इस दौरान तुम ऐसा ठोस काम करो कि मैं बेफिक्र हो जाऊं। नहीं तो तुम्हें वह करना होगा, जो मैं कहूंगा।’
कानन पर पिता की बातों का प्रभाव पड़ा और उन्होंने इस चुनौती का सामना करते हुए पहले कुछ विज्ञापनों में काम किया। फिर कुछ शोज में भी छोटे-मोटे काम किए। दिल्ली से जर्नलिज्म की डिग्री लेकर मुंबई चले आए इस अभिनेता को तीन सालों की लगातार मेहनत का फल मिला और आज वह इस बड़े बैनर के बेहतरीन शो में दिखाई दे रहे हैं।
शो की शूटिंग लंदन में की जा रही है और पूरी यूनिट को वहां 90 दिनों तक रहना होगा। जिंदगी को एक खूबसूरत लम्हा मानने वाले कानन की हैंडसम लुक्स के फैन कई हैं। कानन को खुद में एक ही चीज नापसंद है-अपना गुस्सा। और वे इसे कम करने की जी तोड़ कोशिश में हैं। दुआ करिए कि उनकी कोशिश सफल हो।