'बिग बॉस 20' की प्रतिभागी माही विज चर्चा में हैं। उनके पूर्व पति जय भानुशाली शुरुआत से उनका सपोर्ट कर रहे हैं। हालांकि, जय के एक हालिया नोट ने सभी को चौंका दिया है। अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर बताया कि उन्होंने अपने बच्चों को 'बिग बॉस 20' न दिखाने का फैसला किया है। इसकी वजह यह है कि शो के कंटेस्टेंट्स ने बच्चों को भी अपनी लड़ाई में घसीट लिया है। हाल ही में एक एपिसोड में यंग डीएसए, कनिका मान और अन्य कंटेस्टेंट्स ने अभिनेत्री के बच्चों के बारे में कुछ टिप्पणियां कीं हैं।
विज्ञापन
Trending Videos
जय भानुशाली का बड़ा फैसला
जय भानुशाली ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक बयान साझा किया। इसके साथ उन्होंने माही विज, तारा, राजवीर और खुशी के साथ एक तस्वीर भी पोस्ट की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'मेरे बच्चे इसे देख रहे हैं और मुझसे सवाल पूछ रहे हैं। मेरी सभी से गुजारिश है कि कृपया मुझे या मेरे बच्चों को इस तरह की नकारात्मकता में टैग न करें। यह पोस्ट जय भानुशाली के तौर पर नहीं, बल्कि मेरे बच्चों के पिता के तौर पर है।'
जय भानुशाली और माही विज
- फोटो : एक्स
जय अपने बच्चों को नहीं देखने देंगे शो
इस नोट में जय ने बताया कि 'बिग बॉस' में सब कुछ देखने के बाद, एक पिता के रूप में उन्होंने फैसला किया है कि वह अब अपने बच्चों को सलमान खान का यह शो नहीं देखने देंगे। उन्होंने कहा, 'मैंने तय किया था कि मैं कभी किसी के गेमप्ले पर बात नहीं करूंगा, न ही किसी कंटेस्टेंट के बारे में अपनी राय दूंगा। मैं बस वहीं माही को सपोर्ट करूंगा जहां उसे मेरी जरूरत होगी।'
जय ने किस बात पर निराशा जताई?
जय ने इस बात पर निराशा जताई कि कैसे यंग डीएसए ने उनके बच्चों के बड़े होने और अपनी मां के कामों पर शर्मिंदा होने की बात कही। उन्होंने कनिका और लव गिल की मां की तरफ से माही के बच्चों पर की गई टिप्पणियों का भी जिक्र किया। जय ने कहा, 'सिर्फ एक टास्क के लिए - यंग डीएसए का यह कहना कि मेरे बच्चे बड़े होकर अपनी मां के कामों पर शर्मिंदा होंगे, कनिका का यह कहना कि वह कभी माही के बच्चों से नहीं मिलना चाहेंगी और लव गिल की मां का मेरी बेटी को बातचीत में घसीटना और यह पूछना कि अगर कोई उनकी बेटी के बारे में ऐसा ही कुछ कहे तो उन्हें कैसा लगेगा... यह सब बहुत गलत है। तारा अभी सिर्फ 7 साल की बच्ची है। वह 'बिग बॉस' की कंटेस्टेंट नहीं है। किसी को नीचा दिखाने के लिए एक बच्चे को बीच में लाना पूरी तरह से गलत है।'
माही विज
- फोटो : सोशल मीडिया
जय ने बिग बॉस को कहा गुड बॉय
उन्होंने आगे सवाल उठाया कि बच्चों को इस लड़ाई में क्यों घसीटा जा रहा है। जय का मानना है कि 'बिग बॉस' सिर्फ एक खेल है। जय ने कहा, 'हमारे बच्चों को ऐसी चीज में क्यों घसीटा जा रहा है, जिससे उनका कोई लेना-देना ही नहीं है? 'बिग बॉस' एक खेल है। आप माही से असहमत हो सकते हैं, उनके गेमप्ले पर सवाल उठा सकते हैं और उनके फैसलों को चुनौती दे सकते हैं लेकिन इसमें उनके बच्चों, उनके मातृत्व और निजी जीवन को लाना हद पार करने जैसा है। एक पिता के तौर पर मैं नहीं चाहता कि मेरे बच्चे इस ट्रॉमा के साथ बड़े हों कि माही को नीचा दिखाने के लिए हर बात में तारा का नाम लिया जाता है। यह खेल बाकी सबके लिए मनोरंजन हो सकता है लेकिन हमारे लिए यह बहुत निजी मामला है। मेरे बच्चों की शांति और मासूमियत हमेशा सबसे ऊपर रहेगी।' उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, 'गुडबाय, बिग बॉस 20'।
सोशल मीडिया पर जय भानुशाली की पोस्ट वायरल हो रही है। गौहर खान, जय सोनी और कई अन्य हस्तियों ने उनके इस फैसले का समर्थन किया है।