हफ्ते के आखिर में टीवी चैनलों पर खूब धमाल होते हैं पर इनमें से कमाल कोई-कोई ही कर पाता है। खासतौर से म्यूजिक रियलिटी शोज में अपनी छाप छोड़ पाने वाले प्रयोग भारतीय टेलीविजन पर कम ही होते हैं। जमाना डिजिटल हो रहा है तो सोनी टीवी लेकर आया है संगम डिजिटल स्टार्स और कुछ मशहूर संगीतकारों का,एक नए शो में जिसका नाम है जैम्मिन (Jammin)।
जैम्मिन के पहले एपीसोड में डिजिटल के तीन धुरंधरों दर्शन रावल, सुकृति कक्कड़ और सलमान ने शो में संगीतकार जोड़ी सलीम-सुलेमान के साथ महफिल सजाई और इनके बीच के तारों को जोड़ने का जिम्मा रहा रवि दुबे पर। शो में इन गायकों ने सलीम सुलेमान के कंपोज किए गानों पर अपनी प्रस्तुतियां दीं हालांकि पहले एपीसोड जैसी जो चमक सोनी टीवी के इस शो में होनी चाहिए थी, वह नही दिखी।
हो सकता है कि दूसरे संगीतकार कुछ नया लेकर भी आएं लेकिन सलीम-सुलेमान कम से कम पहले एपीसोड में अपनी छाप नहीं छोड़ पाएं। संगीत वही हिट होता है जो दिल को छूता है। कितनी भी इंटेलिजेंट लाइट्स सेट पर लगा लें। जेनड्रम से आवाजें निकाल लें। डिजाइनर ड्रेसेस पहन लें, पर गानों का चयन ठीक नहीं है तो बात बनती नहीं है।
शो का प्लस प्वाइंट है रवि दुबे की ऊर्जा जो इस शो को शर्तिया फायदा पहुंचाएगी लेकिन, शो की क्रिएटिव टीम को शो पर काम करने की जरुरत है। सेगमेंट के हिसाब से गाने चुनने की चुनौती के अलावा ओरिजनल के तौर पर पेश किए जाने वाले गाने में भी मेलोडी जरूरी है।