टेलीविजन धारावाहिक 'उतरन' के एक किरदार के लिए बाल मुंडवाने वाली अभिनेत्री कृतिका देसाई खान का कहना है कि उन्हें अपने नए किरदार के लिए नया प्रयोग करने पर कोई पछतावा नहीं है।
विष्णु की मां एकादिश का किरदार निभा रहीं कृतिका ने कहा, "पिछले कुछ वर्षो से मैं चरित्र अभिनेत्री का किरदार कर रही हूं। ऐसे में मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता मैं कैसी दिखती हूं। मैं प्रयोग के तौर पर मोटे होने, गंजे होने और कुछ भी होने के लिए तैयार हूं।"
कृतिका एकादिश का किरदार मिलने से काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि टेलीविजन पर गंजी होने वाली मैं पहली अभिनेत्री हूं। मैं काफी उत्साहित थी क्योंकि यह अलग रूप था, लेकिन किसी ने मुझे बताया कि यह पहली बार किया जा रहा है, इस बात से मैं और उत्साहित हो गई।"
उल्लेखनीय है कि कृतिका 'बुनियाद', 'चंद्रकांता', 'ये मेरी लाइफ है', 'अन्नू की हो गई वाह भाई वाह' और 'राम मिलाए जोड़ी' जैसे धारावाहिकों का हिस्सा रही हैं।