कसौटी जिंदगी के-2 में अगर किसी किरदार के लुक का सबसे ज्यादा इंतजार था तो वो है कोमोलिका का। पिछले दिनों प्रोड्यूसर एकता कपूर ने खुलासा किया था कि हिना खान कोमोलिका का रोल निभाएंगी। बिग बॉस के घर से निकलने के बाद हिना खान को ये बड़ा प्रोजेक्ट मिला। प्रोमो जारी होने के बाद अब हिना खान ने शूटिंग के वक्त की तस्वीरें शेयर की हैं।
दर्शक कोमोलिका को पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। तस्वीरें शेयर कर हिना खान ने बता दिया है कि जल्द ही उनकी एंट्री होने वाली है। उन्होंने सेट से 3 तस्वीरें शेयर की हैं। हिना के लुक की बात करें तो इस लुक में वो वाकई बेहद कातिलाना नजर आ रही हैं। कोमोलिका के लुक में हिना खान एकदम अलग लग रही हैं। बड़े बड़े झुमके, नथ और गले में लंबी सी डिजाइनर माला हिना खान के कोमोलिका लुक को काफी इंप्रेसिव बना रही है। शो में पिछले कुछ हफ्तों से ऐसे कई ट्विस्ट दिखाए गए जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया और सोशल मीडिया पर एरिका और पार्थ की जमकर तारीफ भी हुई।
कसौटी जिंदगी के-2 सीरियल का प्रमोशन एकता कपूर ने बड़े स्तर पर किया था। यहां तक कि इस सीरियल के प्रमोशन में खुद किंग खान भी उतर आए थे। एकता ने शाहरुख खान के साथ प्रमोशन का वीडियो इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया था। इस वीडियो को लोगों ने खूब देखा।