आने वाले महीने में जी टीवी चार धारावाहिकों की शुरुआत कर रहा है जिसमें से एक यह 'हमारी वाली गुड न्यूज' भी है। इन चार धारावाहिकों में बाकी के तीन धारावाहिक 'अपना टाइम भी आएगा', 'राम प्यारे सिर्फ हमारे' और 'ब्रह्मराक्षस 2' शामिल हैं। सोमवार को चैनल ने इन चारों धारावाहिकों की लॉन्चिंग के लिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जिसमें इन धारावाहिकों के मुख्य कलाकारों ने भी हिस्सा लिया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही कलाकारों ने धारावाहिक में अपने किरदारों के बारे में भी जानकारियां दीं।
धारावाहिक 'राम प्यारे सिर्फ हमारे' में दुलारी की भूमिका निभाने वालीं अभिनेत्री ज्योति शर्मा अपने किरदार के बारे में बताती हैं कि उनके किरदार में सबसे अच्छी बात यह है कि वह अपने पति से बहुत प्यार करती है, 'उन्होंने बताया दुलारी के लिए अपने पति भगवान राम जैसे हैं और उनमें वह अटूट विश्वास भी रखती है। लेकिन, उसके मोहल्ले की जो दूसरी औरतें हैं, वह उन्हें सूर्पनखा समझती है। दरअसल, वह औरतें उसके पति पर डोरे डालने की कोशिश करती हैं। फिर दुलारी का काम इन सूर्पनखाओं से अपने पति की रक्षा करना है। मेरे लिए इस किरदार में सबसे अच्छी बात यही है।'
धारावाहिक 'ब्रह्मराक्षस 2' में कालिंदी का किरदार निभा रही अभिनेत्री निक्की शर्मा बताती हैं कि वह इस शो को करते हुए थोड़ी दबाव में हैं। उन्होंने कहा, 'इतने बड़े प्रोडक्शन हाउस का यह शो है और इसका पहला सीजन बहुत बड़ा हिट हुआ है इसलिए प्रशंसकों की तरफ से आशाओं का मेरे ऊपर थोड़ा दबाव जरूर है। लेकिन, इसी के साथ में खुश भी हूं कि इस किरदार को निभाने का मौका मुझे मिला है। जब मुझे यह किरदार मिला तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मैं आशा करती हूं कि मैं इस किरदार को भलीभांति निभा पाऊं और लोग इसे पसंद करेंगे।'
समाज में फैले वर्गभेद पर कटाक्ष करने के लिए भी एक शो 'अपना टाइम भी आएगा' शुरू होने जा रहा है। इस शो में युवा अभिनेत्री अनुष्का सेन मुख्य भूमिका निभा रही हैं। रानी के किरदार में अनुष्का इससे बहुत प्रभावित हैं। वह कहती हैं कि रानी की सोच एकदम खुले ख्यालात वाली है। अनुष्का ने कहा, 'रानी वर्ग भेद को नहीं समझती और खुलकर सपने देखती है। उसके पिता भी उसको झूठी तसल्ली न देकर उन सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करते हैं। यह किरदार मुझे चुनौतियां देता है और प्रेरणा भी। साथ ही यह शो बहुत से दूसरे लोगों को भी प्रेरणा देगा।'