'बिग ब्रदर' एक ऐसा रियलिटी टेलीविजन शो है जिसमें सेलिब्रिटीज़ को एक ऐसी जगह रखा जाता है, जहां वे पूरी दुनिया से से अलग-थलग हों। उन्हें मनोरंजन और दूसरे लोगों से संपर्क करने की भी छूट नहीं होती।
'बिग ब्रदर' की पूरी सीरिज लगभग तीन महीने चलती है और कम से कम इसमें 14 से 16 प्रतिभागी होते हैं। इस शो के जरिये एक ऐसी काल्पनिक दुनिया क्रिएट करने की कोशिश की जाती है, जहां अलग-अलग व्यवहार वाले कुछ लोग एक साथ मौजूद हों, और उनके पास बाहरी दुनिया से संपर्क करने का कोई जरिया ना हो।
जॉन डी मोल नामक निर्माण संस्था ने काफी बहस के बाद इस शो का विचार 4 सितंबर 1997 को सबके सामने रखा। और पहली बार 1999 में नीदरलैंड के वेरोनिका चैनल पर बिग ब्रदर का प्रसारण किया गया। तब किसी ने भी इस बात की कल्पना नहीं की थी कि यह शो रियलिटी टीवी की पूरी दुनिया बदल देगा।
शो का नाम जॉर्ज ऑरवेल के 1949 में लिखे गए उपन्यास 1984 से लिया गया। इस उपन्यास में एक ऐसे समय की कहानी है जब 'बिग ब्रदर' नाम का एक तानाशाह लोगों की हमेशा उनके टेलीविजन सेट के जरिये जासूसी कर सकता है।
उपन्यास की यह पंक्ति का पॉपुलर हुई, ‘बिग ब्रदर इज वाचिंग यू’ अर्थात तुम पर बिग ब्रदर की नजर है। यह भी दिलचस्प वजह थी इस शो के नाम रखने की। क्योंकि इस पूरे शो में 'बिग ब्रदर' ही आपकी हर गतिविधि पर नजर रखता है।