मुंबई में लॉकडाउन के पहले से ही सभी तरह के टीवी शोज की शूटिंग बंद है। टीवी इंडस्ट्री से जुड़े सभी संगठनों ने सरकार से निर्देश मिलने के बाद ही शूटिंग शुरू करने का फैसला लिया है। मौजूदा परिस्थिति में सभी को उम्मीद है कि 3 मई को जब दूसरे लॉकडाउन की समाप्ति होगी उसके साथ ही उन्हें शूटिंग करने की कुछ छूट मिल सकती है। इंडियन फिल्म्स एंड टेलीविजन प्रोड्यूसर्स काउंसिल के टीवी विंग के चेयरमैन जेडी मजीठिया को भी ऐसी ही उम्मीद है। उनके अनुसार काउंसिल सरकार से पूरी सुरक्षा के साथ शूटिंग शुरू करने की अनुमति देने की गुजारिश कर सकती है।
इस बारे में जेडी मजीठिया ने कहा, 'पीएम ने अपने हालिया संबोधन में यह घोषणा की थी कि दैनिक वेतन भोगियों को ध्यान में रखते हुए कुछ उद्योगों को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। यह इस बात पर निर्भर करेगी कि स्थिति में सुधार किस तरह होता है। हमारे उद्योग में हमारे पास बहुत सारे दैनिक वेतन भोगी हैं। हम इसे लेकर सरकार से संपर्क करने के बारे में सोच रहे हैं। हम कम लोगों के साथ कुछ डेली सोप की शूटिंग शुरु कर सकते हैं।'
मजीठिया ने आगे बताया, 'फिलहाल हमें लगता है कि हम 3 मई के बाद शूटिंग कर पाएंगे। हालांकि इस कदम से किसी के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं होगा। हम सैनिटाइज हुए स्थान पर पूरी सर्तकता से जरूरी दूरी बनाते हुए 4 मई से काम शुरू करते हैं तो हम धीरे-धीरे व्यापार की शुरुआत कर सकते हैं। एक्शन प्लान पर काम चल रहा है।' गौरतलब है कि शूटिंग बंद होने की वजह से प्रतिदिन टीवी इंडस्ट्री को नुकसान हो रहा है। नए एपिसोड्स न होने की वजह से इन दिनों टीवी पर पुराने शोज जैसे 'रामायण', 'महाभारत', 'खिचड़ी' और 'साराभाई वर्सेस साराभाई' जैसे शोज प्रसारित किए जा रहे हैं।