फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CID-2: 'सीआईडी-2' के ट्रेलर में अभिजीत ने मारी दया को गोली, दर्शकों ने कटप्पा-बाहुबली से कर दी तुलना

Sun, 27 Oct 2024 02:11 PM IST
पूनम कंडारी एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

'सीआईडी' का दूसरा सीजन दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए फिर हाजिर हो रहा है। हाल ही में इस सीरियल का ट्रेलर लॉन्च हुआ है, जिसे देखकर दर्शक हैरान हैं और तमाम तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ प्रतिक्रियाएं तो बहुत ही हास्य से भरी भी हैं। 
विज्ञापन
सीआईडी सीजन 2 - फोटो : इंस्टाग्राम-@sonytvofficial
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

'सीआईडी' सीरियल को पसंद करने वालों की संख्या बहुत अधिक है, जब यह सीरियल बंद हुआ था तो दर्शकों को बहुत बुरा लगा, अब दर्शकों की नाराजगी दूर होने वाली है। जल्द ही 'सीआईडी' सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर फिर देखने को मिलेगा। इसके दूसरे सीजन का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च हुआ है। इस ट्रेलर ने दर्शकों के होश उड़ा दिए हैं। दरअसल, ट्रेलर में अभिजीत और दया जो कि सीआईडी में साथ काम करते हैं और गहरे दोस्त हैं, एक-दूसरे की जान के दुश्मन बन चुके हैं। यहां तक कि अभिजीत, दया को गोली मारता हुआ नजर आ रहा है। ऐसा क्यों हो रहा है? इस रहस्य से पर्दा तो सीरियल शुरू होने के बाद ही चलेगा, लेकिन इस दौरान सोशल मीडिया पर 'सीआईडी' के फैंस कई तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। 

विज्ञापन

बाहुबली-कटप्पा से हो रही है तुलना 
जब फिल्म 'बाहुबली' रिलीज हुई तो उस फिल्म के आखिर में बाहुबली का सबसे विश्वसनीय व्यक्ति कटप्पा ही उस पर पीछे से वार करता है और उसे मौत के घाट उतार देता है। कटप्पा ने ऐसा क्यों किया? यह जानने के लिए दर्शकों को दूसरे पार्ट का इंतजार करना पड़ता था, उस समय फिल्म प्रेमियों के बीच यह बड़ा सवाल बन गया था कि आखिर कटप्पा ने बाहुबली के साथ ऐसा क्यों किया? अब जब 'सीआईडी' के ट्रेलर में अभिजीत ने दया को गोली मारी है तो सोशल मीडिया पर फैंस कह रहे हैं कि यह तो बाहुबली और कटप्पा वाली स्थिति हो गई है। अभिजीत और दया की तुलना कटप्पा और बाहुबली से की जा रही है। साथ ही दर्शक जल्द से जल्द इस सवाल का जवाब भी जानना चाहते हैं कि आखिर अभिजीत ने दया को गोली क्यों मारी? 

फनी कमेंट्स भी कर रहे हैं फैंस 
कुछ यूजर्स तो सोशल मीडिया पर दया और अभिजीत को लेकर फनी कमेंट्स भी कर रहे हैं। एक यूजर का कहना है कि दया ने दरवाजा तोड़ने से मना कर दिया तो अभिजीत ने उसे गोली मार दी। दरअसल, 'सीआईडी' के पिछले सीजन में जब भी क्राइम सीन पर कोई दरवाजा बंद होता तो उसे दया एक ही झटके में तोड़ देता था, इसलिए दया दर्शकों के बीच दरवाजे तोड़ने वाले शख्स के तौर पर मशहूर हो गए। एक दर्शक ने तो लिखा कि दया 'सिंघम' फिल्म में काम करने चला गया तो अभिजीत को गुस्सा आ गया, इसलिए उन्होंने उसे गोली मार दी। दया ने साल 2014 में अजय देवगन के साथ फिल्म 'सिंघम रिटर्न' में काम किया है। 
विज्ञापन

दोबारा चल पाएगा सीआईडी का जादू 
'सीआईडी-2' के ट्रेलर को दर्शक पसंद तो काफी कर रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर खूब रिएक्शन भी दे रहे हैं, मगर देखना होगा कि जब सीरियल टीवी पर आएगा तो पहले की ही तरह दर्शकों का दिल जीत पाएगा या नहीं। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें