कई फिल्मों में नजर आ चुके तमिल अभिनेता राजेश का 75 वर्ष की उम्र में आज निधन हो गया। अभिनेता के भतीजे ने उनके निधन की खबर की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें आज सुबह लो ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया जा रहा था, मगर रास्ते में ही उनका निधन हो गया। अभिनेता राजेश ने ‘थन्नीर थन्नीर’, ‘अंधा 7 नाटकल’ और ‘पयानांगल मुदिवाधिलाई’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय की छाप छोड़ी है।
आज सुबह अचानक बिगड़ी हालत
दिग्गज अभिनेता राजेश पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। लेकिन आज सुबह उनकी तबीयतअचानक बिगड़ गई। जिसके चलते उन्हें चेन्नई के पोरूर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज से पहले ही उन्होंने अपना दम तोड़ दिया। उनके निधन से तमिल सिनेमा में शोक की लहर दौड़ गई।
रजनीकांत ने जताया दुख
तमिल फिल्म सुपरस्टार रजनीकांत समेत कई फिल्मी हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया। रजनीकांत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “मेरे करीबी दोस्त, अभिनेता राजेश की असामयिक मौत की खबर ने मुझे झकझोर दिया है। इससे मुझे बहुत दुख हुआ है। वो एक बेहतरीन इंसान थे। उनकी आत्मा को शांति मिले। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।”
राधिका सरथकुमार ने किया याद
अभिनेत्री राधिका सरथकुमार ने अभिनेता की मौत पर कहा, “राजेश का निधन अप्रत्याशित है। हमने साथ में कई फिल्में कीं और सिनेमा और जीवन के बारे में उनके गहरे ज्ञान का बहुत सम्मान था। परिवार और दोस्तों के अलावा पूरी फिल्म फेटरनिटी उन्हें हमेशा याद रखेगी।”
150 से अधिक फिल्मों में किया काम
राजेश ने 1979 में फिल्म ‘कन्नी परुवथिले’ से एक्टर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने के. बालाचंदर की फिल्म ‘अच्छमिल्लि अच्छमिल्लि’ में भी मेन रोल किया था। राजेश ने अपने 47 साल लंबे करियर में 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख भूमिकाओं से लेकर सपोर्टिंग रोल तक किए। वो एक ऐसे कलाकार थे जो अभिनेता से लेकर, डबिंग आर्टिस्ट, लेखक और टीवी कलाकार तक थे।