स्वरा भास्कर ने तीसरी सालगिरह पर शेयर की तस्वीरें
शादी की तीसरी सालगिरह पर, स्वरा भास्कर ने फहद के साथ अपनी कोर्ट मैरिज की तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों में उनके वलीमा (रिसेप्शन) का एक अनदेखा वीडियो भी शामिल है। तस्वीरें शेयर करते हुए स्वरा ने कैप्शन में लिखा 'और बस ऐसे ही.. 3 साल हो गए!!! हम तीनों को सालगिरह की शुभकामनाएं। फहद हम हमेशा एक-दूसरे के साथ रहें, चाहे कितनी भी दिक्कत हो, झगड़ा हो। मुश्किल समय में भी हम एक-दूसरे के साथ रहें। एक-दूसरे को थामे रहें, एक-दूसरे का सम्मान करें और आने वाले सभी वर्षों में एक-दूसरे से प्यार करें।'
स्वरा ने आगे लिखा 'मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि तुम्हारे साथ यह जिंदगी मिली! आखिरी तस्वीर हमारी शादी को प्रेजेंट करती है।'
फहद ने स्वरा के लिए लिखी पोस्ट
इस मौके पर फहद ने भी स्वरा के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा 'शादी के तीन साल। मैं ईमानदारी से कह सकता हूं कि मैं तुम्हारी वजह से एक बेहतर इंसान हूं। तुमने मेरे सब्र को आकार दिया है। मेरे किरदार को मजबूत किया। कमिटमेंट को पूरा करने में मदद की है। तुमने हर उस मकसद को पूरा कराया जिस पर मैं विश्वास करता हूं। तुम्हारा प्यार मुझे दिशा देता है। तुम्हारी ताकत मुझे मकसद देती है। उस औरत को तीसरी सालगिरह मुबारक जिसने मुझे हर तरह से बेहतर बनाया।'
'पति पत्नी और पंगा' में आए थे नजर
स्वरा भास्कर और फहद अहमद ने सितंबर 2023 में अपने पहले बच्चे, बेटी राबिया का स्वागत किया। स्वरा और फहद को रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' में एक साथ देखा गया था। शो में कई दूसरे सेलेब्स ने भी हिस्सा लिया था।