'गजनी' फेम अभिनेता प्रदीप रावत का 4 अगस्त 2026 को मुंबई में निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। आज शाम मुंबई में उनकी प्रेयर मीट का आयोजन किया गया। इस आयोजन में अखिलेंद्र मिश्रा, मुकेश ऋषि और सुनील पाल समेत कई कलाकार शामिल हुए। सेलेब्स ने अभिनेता को श्रद्धांजलि दी।
भावुक हुए प्रदीप रावत के बेटे
प्रदीप रावत के प्रेयर मीट में उनके बेटे विक्रमादित्य रावत भावुक हो गए। उन्होंने प्रेयर मीट में आए हुए सभी लोगों को धन्यवाद कहा। इस दौरान वह रो पड़े। पिता के निधन के बाद उन्होंने अपना सिर मुंडवा लिया है।
अंतिम संस्कार में पहुंचे थे कलाकार
प्रदीप रावत ने निधन के बाद मुंबई के गोरेगांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। उनके अंतिम संस्कार में रजा मुराद, आमिर खान और यशपाल शर्मा जैसे कई कलाकार पहुंचे थे।
कलाकारों ने जताया था दुख
प्रदीप रावत के निधन पर दया शंकर पांडे, राजेंद्र गुप्ता, अशोक पंडित और सुरेंद्र पाल ने दुख जताया था। आमिर खान ने प्रदीप के परिवार वालों से भी मुलाकात की थी और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं थीं।
प्रदीप रावत की फिल्में
भारतीय फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा, एक्टर प्रदीप रावत हिंदी, तेलुगु और तमिल सिनेमा में अपने काम के लिए जाने जाते थे।
'सरफरोश', 'लगान', 'सये' (तेलुगु), 'नायक' (तेलुगु) और 'गजनी' जैसी फिल्मों में उनके काम को दर्शक आज भी याद करते हैं। दिवंगत एक्टर का हालिया काम विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' था, जिसमें उन्होंने येसाजी कंक का किरदार निभाया था।