साउथ के मशहूर एक्टर महेश बाबू इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'ग्लोबट्रॉटर' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में उनके साथ बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा भी होंगी। फिल्म की रिलीज से पहले 15 नवंबर को हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में एक इवेंट होगा। इसे लेकर महेश बाबू ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करके फैंस से खास अपील की है।
महेश बाबू ने की खास अपील
फिल्म 'ग्लोबट्रॉटर' के निर्देशक एसएस राजामौली इसकी पहली झलक दिखाने वाले हैं। इसी सिलसिले में महेश बाबू ने एक्स पर वीडियो शेयर किया है। वीडियो में उन्होंने कहा 'इवेंट के दिन आरएफसी का मेन गेट बंद रहेगा। जब आपका पास स्कैन किया जाएगा तो आपको पता चलेगा कि आपको किस गेट से अंदर आना है। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों के साथ सहयोग करें। पुलिस ने कहा है कि जब फैंस कम गाड़ियों से आएंगे तो अंदर आना आसान होगा। बिना पास के मत आएं। कई और इवेंट आपका इंतजार कर रहे हैं। मिलते हैं कल शाम को।'
राजामौली ने की अपील
इससे पहले फिल्म के निर्देशक एसएस राजामौली ने एक्स पर एक पोस्ट करके दर्शकों से एक गुजारिश की थी। उन्होंने कहा था '15 नवंबर को ग्लोबट्रॉटर इवेंट में आपसे मिलने के लिए मैं उत्साहित हूं। कृपया अपने एंट्री पास पर लिखे निर्देशों का पालन करें। आरएफसी का मुख्य द्वार बंद रहेगा। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के साथ सहयोग करें ताकि सभी के लिए यह आयोजन सुरक्षित और आनंददायक हो।'
इवेंट में हुए हादसे
आपको बता दें कि सितंबर में एक्टर थलापति विजय की रैली में हुई भगदड़ में कई लोगों की जान चली गई थी। इससे पहले अल्लू अर्जुन के एक इवेंट में हादसा हो गया था। इसी के चलते इवेंट में सुरक्षा बड़ा मुद्दा बन गया है। ऐसे में महेश बाबू और राजामौली ने दर्शकों से खास अपील की है।
फिल्म के पोस्टर हुए जारी
राजामौली, महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ मिलकर फिल्म 'ग्लोबट्रॉटर' पर काम कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज की डेट अभी सामने नहीं आई है। 15 नवंबर को इसकी पहली झलक दिखाई जाएगी। प्रियंका चोपड़ा के किरदार मंदाकिनी और पृथ्वीराज के किरदार कुंभा के पोस्टर पहले ही रिलीज हो चुके हैं।