सार
SS Rajamouli Trolling: शनिवार को निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ का ग्रैंड इवेंट हुआ। इस दौरान उन्होंने ऐसा बयान भगवान हनुमान को लेकर दिया किया सोशल मीडिया यूजर्स भड़क गए। जानिए, राजामौली ने क्या कहा था?
फिल्म 'वाराणसी' के इवेंट में दिए गए बयान पर अब डायरेक्टर एसएस राजामौली ट्रोल हो रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें खरी-खोटी सुना रहे हैं। कई यूजर्स उनके बयान को बहुत ही शर्मनाक बता रहे हैं। आखिर यह पूरा मामला क्या है? जानिए।
एसएस राजामौली ने दिया विवादित बयान
शनिवार को फिल्म ‘वाराणसी’ का ग्रैंड इवेंट किया गया। फिल्म के डायरेक्टर एसएस राजामौली हैं। फिल्म की पूरी स्टार कास्ट इसमें मौजूद थी। प्रियंका चोपड़ा, महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी नजर आए। इवेंट के दौरान ही स्टेज पर राजामौली ने कहा, ‘यह मेरे लिए एक भावुक पल है। मैं ईश्वर में विश्वास नहीं करता। लेकिन मेरे पिताजी आए और कहा कि भगवान हनुमान सब संभाल लेंगे। क्या वह ऐसे ही संभालते हैं। यह सोचकर मुझे गुस्सा आ रहा है।’ वह आगे कहते हैं, ‘जब मेरे पिता ने हनुमान के बारे में बात की और सफलता के लिए उनके आशीर्वाद पर निर्भर रहने का सजेशन दिया, तो मुझे बहुत गुस्सा आया।’ बताते चलें कि इवेंट में टेक्निकल प्रॉब्लम आ रही थी, इस बात से एसएस राजामौली गुस्सा थे। उन्होंने इस बात को भगवान हनुमान से जोड़ दिया। उनके फैंस का मानना है कि नर्वस होकर एसएस राजामौली ऐसा किया। लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स डायरेक्टर के बयान पर नाराज हो चुके हैं।
यूजर्स ने एसएस राजामौली पर कसा तंज
जब से राजामौली का बयान सामने आया है। सोशल मीडिया पर वह ट्रोल हो रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘हम सब जानते हैं कि आप नास्तिक हैं राजामौली। लेकिन अपनी बकवास में भगवान हनुमान को घसीटने की हिम्मत मत कीजिए। आपकी लापरवाह और अहंकारी टिप्पणियां शर्मनाक हैं। अगर आप निराश हैं तो अपनी टीम और परिवार पर गुस्सा निकालिए, जो इस मिस मैनेजमेंट के लिए जिम्मेदार हैं।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘राजामौली ने भगवान हनुमान के बारे में कुछ ऐसा कह दिया जो उन्हें नहीं कहना चाहिए था।’ एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, 'हनुमान जी को किसी तकनीकी खराबी के लिए दोषी ठहराना। राजामौली से इस घटिया व्यवहार की उम्मीद नहीं थी।' आगे यूजर ने निराशा जाहिर करने वाले इमोजी बनाया है।'