इस वक्त आईपीएल 2025 बहुत ही रोमांचक मोड़ पर आकर खड़ा हो गया है। बीते दिन रविवार को पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। यानी कि इस बार फाइनल श्रेयस अय्यर की टीम पंजाब किंग्स और विराट कोहली की टीम रायल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच होगा। इसे लेकर फिल्म निर्देशक एस एस राजामौली ने सोशल मीडिया पर कहा कि फाइनल में जो भी जीतेगा, दिल तोड़ने वाला होगा। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।
श्रेयस अय्यर हैं दमदार
दिग्गज डायरेक्टर एस एस राजामौली ने अपने एक्स अकाउंट पर एक ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और श्रेयस अय्यर की आईपीएल टीम की जर्सी वाली फोटो शेयर की है। साथ ही एक्स टाइमलाइन पर लिखा, ‘अय्यर बुमराह और बोल्ट की यॉर्कर को थर्ड मैन बाउंड्री की ओर ले जा रहे हैं। शानदार, वे दिल्ली को फाइनल में लेकर गए। कोलकाता को ट्रॉफी दिलाई, फिर उन्हें बाहर कर दिया गया और अब वही युवा पंजाब को 11 साल बाद फाइनल में पहुंचाता है। वह इस साल की ट्रॉफी का भी हकदार है।’
दिल तोड़ने वाला फाइनल होगा
आगे उन्होंने लिखा, ‘वहीं दूसरी ओर विराट कोहली हैं, जो साल दर साल अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हजारों रन बना रहे हैं, वे भी इसके हकदार हैं। नतीजा जो भी हो, यह दिल तोड़ने वाला होगा।’
यह खबर भी पढ़ें: Ghaati Release Date: 'घाटी' की नई रिलीज डेट तय, जानिए कब देख सकेंगे बाहुबली एक्ट्रेस अनुष्का शेट्टी की फिल्म
कौन मारेगा बाजी?
तीन जून यानी कि मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल का फाइनल खेला जाएगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार के फाइनल का कौन विजेता होगा, क्योंकि इस बार जो भी जीतेगा उसकी आईपीएल की यह पहली ट्रॉफी होगी। विराट कोहली या श्रेयस अय्यर कौन बनेगा विजेता?