सार
Vijay Thalapathy Movie Jana Nayagan Troll: शनिवार को साउथ फिल्म ‘जन नायकन’ का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसमें थलापति विजय जबरदस्त एक्शन करते दिखे। जल्द ही यह फिल्म रिलीज होगी। लेकिन यह फिल्म सोशल मीडिया पर ट्रोल भी होने लगी है। जानिए, इस ट्रोलिंग की वजह?
‘जन नायकन’ का ट्रेलर जब रिलीज हुआ तो विजय के फैंस को यह काफी पसंद आया। फैंस इस फिल्म को लेकर इसलिए उत्साहित हैं, क्योंकि यह थलापति विजय की आखिर फिल्म है। अब यही फिल्म सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रही है। दर्शक थलापति विजय को निशाने पर ले रहे हैं। इसकी ट्रोलिंग के पीछे साउथ एक्टर नंदमुरी बालकृष्ण की फिल्म ‘भगवंत केसरी’ है। जानिए, यह पूरा मामला क्या है?
यूजर्स बोले- ‘जन नायकन’ देखकर अपना पैसा बर्बाद मत करना
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ के ट्रेलर के सीन्स को जब देखा तो उन्हें जल्द ही पता चल गया कि यह नंदमुरी बालकृष्ण की फिल्म ‘भगवंत केसरी’ का रीमेक है। फैंस ने दोनों फिल्मों के सीन्स की आपस में तुलना की। आखिर में कई यूजर्स ने कहा कि विजय की फिल्म से बेहतर नंदमुरी बालकृष्ण की फिल्म ‘भगवंत केसरी’ है। एक यूजर ने कमेंट किया, ‘यूट्यूब पर भगवंत केसरी मौजूद है, इसलिए जन नायकन देखकर अपना पैसा बर्बाद ना करें। इसके बजाय ऑरिजनल फिल्मों को थिएटर में जाकर देखें।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘विजय की फिल्म तो भगवंत केसरी का किसी भी मामले में मुकाबला नहीं कर सकी है।’ कई तेलुगु यूट्यूबर ने भी इस थलापति विजय की अपकमिंग फिल्म को जमकर ट्रोल किया है।
क्या थी ‘भगवंत केसरी’ की कहानी
‘भगवंत केसरी’ की कहानी की बात करें तो इसमें नंदमुरी बालकृष्ण ने एक पूर्व पुलिस ऑफिसर का रोल किया था। वह विजी नाम की लड़की को पालता है, उसे आर्मी में भेजना चाहता है। लेकिन इस बीच विलेन की एंट्री होती है, जो विजी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता है, क्योंकि उसकी और नंदमुरी के किरदार की पुरानी दुश्मनी है। लगभग यही कहानी फिल्म ‘जन नायकन’ के ट्रेलर में भी नजर आती है।
कब रिलीज होगी ‘जन नायकन’
यह फिल्म 9 जनवरी को रिलीज हो रही है। इस फिल्म में थलापति विजय के अलावा बॉबी देओल भी हैं, जो विलेन के रोल में हैं। वहीं प्रकाश राज, पूजा हेगड़े और प्रियमणि भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं।