विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना के लिए उनके फैंस काफी मायने रखते हैं। अपनी शादी के बाद कपल ने फैंस के लिए अलग-अलग शहरों में भी मिठाई भिजवाई थी। हालांकि, कपल की एक छोटी प्रशंसक तब उनसे नाराज हो गई थी, क्योंकि उसे न तो कपल ने शादी में बुलाया था और न ही मिठाई भेजी थी।
इसको लेकर इस लिटिल फैन ने एक वीडियो भी साझा किया था। जिसके बाद विजय देवरकोंडा ने उस बच्ची को अपने घर बुलाने और उसको दावत देने का वादा किया था। अब विजय-रश्मिका ने अपना वादा निभाया है और उस छोटी फैन को अपने घर बुलाकर उसको खाना खिलाया है। कपल का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
इस तरह विजय-रश्मिका ने की फैन की खातिरदारी
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने हैदराबाद स्थित अपने घर पर उस छोटी बच्ची को बुलाया और उसका स्वागत करते हुए उसकी मेजबानी की है। खुद इस लिटिल फैन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर विजय-रश्मिका के घर जाने और वहां हुई अपनी खातिरदारी का वीडियो साझा किया है।
@urs_luckythalli नाम से इंस्टाग्राम पर सक्रिय उस छोटी प्रशंसक द्वारा साझा किए गए वीडियो में वह विजय के घर जाती हुई दिखाई देती है। जहां विजय उसे गोद में उठाकर अंदर ले जाते हैं। बाद में सफेद ड्रेस में सजी रश्मिका ने उसे कई लड्डू खिलाए और उसे दुलार किया। विजय भी उसमें शामिल हो गए। इसके बाद विजय लिटिल फैन को गोद में लकर उससे बात करते भी नजर आते हैं।
विजय-रश्मिका ने हमारा दिन बना दिया
इस वीडियो को शेयर करते हुए बच्ची ने एक लंबा सा कैप्शन भी लिखा है। इसमें उसने लिखा, ‘सचमुच। विजय देवरकोंडा से उनके घर पर मिलना मेरे और मेरे परिवार के लिए वाकई एक अद्भुत और यादगार पल था।
हमारे पहुंचते ही उन्होंने हमारा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। रश्मिका मंदाना से मिलकर बहुत खुशी हुई। उनकी हंसमुख मुस्कान और मिलनसार स्वभाव ने हमारी मुलाकात को और भी खुशनुमा बना दिया।
उनके और उनके परिवार के साथ समय बिताने से यह अनुभव और भी खास और अपनेपन भरा लगा। सभी लोग इतने दयालु, स्नेहशील और सरल स्वभाव के थे, जिससे हमें ऐसा लगा जैसे हम अपने ही लोगों के बीच हैं। हमने खूबसूरत बातें कीं, खूब हंसे और कई खुशनुमा पल बिताए, जिन्हें हम हमेशा याद रखेंगे। इस दिन को मेरा पूरा परिवार हमेशा संजोकर रखेगा।’