साउथ के स्टार थलापति विजय का राजनीति में आना एक अहम मोड़ साबित हुआ है। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। इस जीत ने अभिनेता से राजनेता बने विजय के भविष्य को लेकर लोगों में उत्साह जगा दिया है।
राजनीति में आ सकती हैं तृषा
इस बीच, खबरें आ रही हैं कि अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी राजनीति के क्षेत्र में कदम रख सकती हैं। न्यूज 24 के अनुसार, तमिलगा वेत्री कझगम के नेता चाहते हैं कि वह पार्टी में शामिल हों। नेता यह भी चाहते हैं कि वह तिरुचिरापल्ली पूर्वी निर्वाचन क्षेत्र से उपचुनाव लड़ें।
विजय, तृषा
- फोटो : इंस्टाग्राम
दो सीटों से जीते विजय
विजय ने दो सीटों चेन्नई की पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्वी से चुनाव लड़ा था। उन्होंने दोनों ही सीटों पर जीत हासिल की है। हालांकि, नियमों के अनुसार उन्हें केवल एक ही सीट अपने पास रखने की अनुमति है। इसका मतलब है कि उन्हें 14 दिनों के भीतर दूसरी सीट खाली करनी होगी। जिस सीट को वह छोड़ेंगे, उस पर उपचुनाव कराया जाएगा।
पेरम्बूर सीट ले सकते हैं विजय
सूत्रों के अनुसार, विजय पेरम्बूर सीट को ही अपने पास रखेंगे, क्योंकि वहां उनकी जीत का अंतर काफी अधिक था और वह स्थान राज्य सचिवालय के भी अधिक करीब है। अगर ऐसा होता है तो तिरुचिरापल्ली पूर्वी सीट पर उपचुनाव होगा। ऐसे में तृषा कृष्णन का नाम सामने आया है।
विजय, तृषा
- फोटो : इंस्टाग्राम
तृषा सोच समझ कर रखेंगी राजनीति में कदम
राजनीति में तृषा के आने की खबरों के बीच ऐसा माना जा रहा है कि तृषा कृष्णन इस समय राजनीति में कदम रखने को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त नहीं हैं।
चूंकि उनका कोई पूर्व राजनीतिक अनुभव नहीं है, इसलिए कहा जा रहा है कि वह इस विचार पर बहुत सोच-समझकर फैसला ले रही हैं। साथ ही, तमिलगा वेत्री कझगम में उनके शामिल होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है।
राजेंद्र आर्लेकर से मिले विजय
इस बीच विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से संपर्क किया है और सरकार बनाने के लिए उन्हें आमंत्रित करने का अनुरोध किया है। ऐसी भी खबरें हैं कि वह 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।