तमिलनाडु सीएम को मिली जन्मदिन की शुभकामनाएं
- फोटो : अमर उजाला
तमिल सिनेमा में थलापति के नाम से मशहूर विजय अब तमिलनाडु के सीएम हैं। 22 जून को वो अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राजनीतिक जगत की कई हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही तमिल फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कमल हासन समेत कई सेलेब्स ने उन्हें सोशल मीडिया पर जन्मदिन की बधाई दी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए तमिलनाडु के सीएम विजय को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। वह पोस्ट में लिखते हैं, ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय जी को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’
राहुल गांधी ने भी सीएम विजय को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री, थिरु जोसेफ विजय को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और आपके सभी प्रयासों में सफलता की कामना करता हूं। तमिल लोगों के अधिकारों, सम्मान और आकांक्षाओं की रक्षा करने और राज्य की प्रगति के लिए मिलकर काम करने में मैं आपके साथ हूं।’
कमल हासन और राघव लॉरेंस ने भी दी शुभकामनाएं
तमिल सिनेमा के जाने-माने अभिनेता कमल हासन और राघव लॉरेंस ने भी सीएम विजय को जन्मदिन पर बधाई दी है। कमल हासन एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखते हैं, ‘तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री और लाखों लोगों के दिलों में बसने वाले प्यारे छोटे भाई विजय को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।’
वहीं लॉरेंस ने भी एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर विजय के जन्मदिन पर पोस्ट साझा की। वह लिखते हैं, ‘हर साल मैं अपने दोस्त को जन्मदिन की बधाई देता हूं। लेकिन इस साल यह मौका बहुत खास है और मुझे खुशी है कि मैं तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दे रहा हूं। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और लगातार सफलता के लिए प्रार्थना करता हूं। आपके सभी सपने सच हों।’