तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल ने निर्देशक भारतीराजा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। काउंसिल ने शोक संदेश में लिखा, ‘हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि हमारे एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ सदस्यों में से एक मशहूर डायरेक्टर भारतीराजा का बुधवार सुबह निधन हो गया।’
लंबे वक्त से बीमार थे निर्देशक भारतीराजा
तमिल फिल्मों के चर्चित निर्देशक भारतीराजा का बुधवार को चेन्नई में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 85 साल के थे। उनके अंतिम संस्कार को लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है।
साल 2024 में निर्देशक के बेटे मनोज की दिल का दौरा पड़ने से मौत हुई थी। इसके बाद से भारतीराजा की तबीयत खराब रहने लगी थी। वह अपने 48 वर्षीय बेटे के निधन के बाद बहुत टूट चुके थे। इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहे थे। पिछले साल दिसंबर में भी उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई थी, तब भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने जताया शोक
निर्देशक भारतीराजा के निधन पर अभिनेत्री और पॉलिटिशियन खुशबू सुंदर ने भी दुख जाया है। भारतीराजा के निधन पर शोक जताते हुए एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए खुशबू सुंदर ने लिखा, 'यह जानकर बहुत दुख हुआ कि हमारे सबसे चहेते और सम्मानित डायरेक्टर भारतीराजा अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन से तमिल सिनेमा में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी फिल्में हमेशा से मिसाल रही हैं और आगे भी फिल्म मेकिंग की पाठशाला बनी रहेंगी। उन्होंने सिनेमा के हर चाहने वाले के लिए एक बड़ी विरासत छोड़ी है। वे हमेशा कहते थे कि मुझे दो चोटियों वाले लुक में एक फिल्म करनी चाहिए। यह सपना अब अधूरा ही रह जाएगा। आपकी बहुत याद आएगी, सर।'