हैदराबाद पुलिस ने रविवार को बताया कि शहर की एक फर्म ने तमिल एक्टर आर्या और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। इस फर्म ने एक फिल्म की शूटिंग के लिए सिने प्रोडक्शन इक्विपमेंट सप्लाई किए थे। जिनका 1.8 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया नहीं चुकाया गया। इसी मामले को लेकर तमिल एक्टर आर्या और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अभिनेता आर्या ने कंपनी से किया था वादा
पीटीआई के मुताबिक ताहेर सिने टेक्निक के एक अधिकारी ने 10 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायकर्ता ने बताया कि आर्या और 'अनंतन काडू' फिल्म बनाने वाले स्टूडियो के प्रतिनिधियों ने फिल्म के लिए सिने प्रोडक्शन इक्विपमेंट लेने के लिए कंपनी से संपर्क किया था। मेकर्स ने भरोसा दिलाया था कि इक्विपमेंट के किराए का सारा पैसा चुका दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
शिकायतकर्ता ने कहा कि फिल्म के लीड एक्टर होने के नाते आर्या ने व्यक्तिगत रूप से भरोसा और गारंटी दी थी। इस भरोसे के बाद शिकायतकर्ता ने फरवरी 2025 में एक समझौता किया और हैदराबाद से केरल तक डिजिटल कैमरे, लाइटिंग इक्विपमेंट और सिने प्रोडक्शन से जुड़े अन्य इक्विपमेंट सप्लाई किए।
कंपनी को एक्टर और फिल्म प्रोड्यूसर ने धमकाया
पुलिस ने शिकायत के आधार पर बताया कि इक्विपमेंट और सेवाओं के लिए कुल तय रकम 2.12 करोड़ रुपये थी। हालांकि कीमती इक्विपमेंट और सेवाओं का फायदा उठाने के बाद आरोपियों ने जानबूझकर 1.8 करोड़ रुपये से ज्यादा की बकाया रकम नहीं चुकाई।
शिकायतकर्ता ने आगे कहा कि स्टूडियो ने भरोसा दिलाया था कि फिल्म रिलीज़ होने से पहले बकाया रकम चुका दी जाएगी और रिलीज से पहले उनसे नो ड्यूज/क्लियरेंस सर्टिफिकेट ले लिया जाएगा। यह भी आरोप लगाया गया कि बकाया रकम चुकाने के लिए बार-बार याद दिलाने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि बकाया रकम की मांग करने पर एक्टर, फिल्म के प्रोड्यूसर और अन्य लोगों ने उनकी कंपनी के मैनेजर को धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक इस शिकायत के आधार पर जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन में अभिनेता आर्या और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अभी इस मामले की जांच चल रही है।