पिछले दिनाें तमिलनाडु के राजनीतिक रणनीतिकार आधव अर्जुन ने रजनीकांत के राजनीति करियर को लेकर चुभने वाली बात कही। उन्हें लेकर कहा था कि डीएमके परिवार ने रजनीकांत को कई धमकियां दीं, उन्हें राजनीति में आने से रोक दिया। आगे चलकर अभिनेता ने रेड जायंट द्वारा प्रोड्यूस की गई एक फिल्म में काम किया।’ बता दें कि कुछ साल पहले तक रजनीकांत भी राजनीतिक रूप से सक्रिय हुए थे लेकिन वह अपने करियर को आगे नहीं बढ़ा पाए। इसी बात को लेकर आधव अर्जुन ने तंज कसा था। लेकिन इस टिप्पणी को रजनीकांत और उनके फैंस ने अपमानजनक माना। कई लोगों ने रजनीकांत काे सपोर्ट किया।
रजनीकांत ने मंगलवार को एक एक्स (ट्विटर) पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मैं उन सभी लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने उनकी अपमानजनक टिप्पणियों की निंदा की। मेरे समर्थन में अपनी आवाज उठाई। तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता एडप्पादी पलानीस्वामी, तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, तमिलनाडु के मंत्री रघुपति, थोल. थिरुमावलवन, एस.पी. वेलुमणि और मेरे दोस्त अन्नामलाई, अर्जुनमूर्ति, अंबुमणि रामदास, जी.के. वासन, जॉन पांडियन, पुगाझेंधी और विभिन्न पार्टियों के कई अन्य राजनीतिक नेता। मैं इन सभी का आभार व्यक्त करता हूं।’
फैंस के लिए लिखा खास संदेश
रजनीकांत पोस्ट में आगे लिखते हैं, ‘मैं अमीर, जी. धनंजयन और फिल्म जगत के मेरे दोस्तों का भी तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। साथ ही नकीरन गोपाल, रंगराज पांडे (चाणक्य) और मीडिया के सदस्यों का भी। सबसे बढ़कर मेरे प्रशंसकों का जिन्हें मैं देवताओं की तरह पूजता हूं। आप सबने मुझे संभाला और मेरा हौसला बढ़ाया है।’
रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म कौन सी है?
पिछले साल रजनीकांत फिल्म 'कुली' रिलीज हुई, इसमें आमिर खान भी नजर आए थे। इस साल रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' रिलीज होगी, इस फिल्म में वह एक्शन जॉनर में नजर आएंगे। फिल्म का पहला पार्ट भी दर्शकों ने पसंद किया था, बॉक्स ऑफिस पर भी इसने अच्छा कलेक्शन किया था।